राष्ट्रीय

अहमदाबाद विमान हादसा : एयर इंडिया का प्लेन मेडिकल कॉलेज के मेस से टकराया था, अब तक 204 की मौत, 41 घायल, हॉस्टल की मेस में लंच कर रहे स्टूडेंट भी चपेट में

अहमदाबाद : गुरुवार दोपहर गुजरात के अहमदाबाद में हुआ एयर इंडिया के विमान का भीषण हादसा अब तक का सबसे बड़ा एयर ट्रैजेडी बनता जा रहा है। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से टेकऑफ के चंद मिनटों बाद AI-171 बोइंग 787 ड्रीमलाइनर क्रैश होकर बीजे मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स हॉस्टल और मेस पर जा गिरा। इस भयावह घटना में 204 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 41 घायलों का इलाज सिविल अस्पताल में जारी है।

हादसे का दिल दहला देने वाला मंजर

जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे जब विमान ने उड़ान भरी, तभी वह मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल क्षेत्र में मेस से टकरा गया। उस वक्त मेस में 20 से अधिक मेडिकल छात्र लंच कर रहे थे। मलबे में दबकर कई छात्रों की मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। चश्मदीदों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्लेन का बैक व्हील मेस बिल्डिंग की दीवार तोड़कर अंदर तक घुस गया और एक हिस्सा हॉस्टल की छत पर अटक गया।

घटनास्थल पर मच गया कोहराम

टेबलों पर जूठन भरी थालियां, जमीन पर बिखरा खाना और टूटी दीवारें इस त्रासदी के भयावह मंजर की गवाही दे रही हैं। प्लेन के टकराने से हॉस्टल की इमारत इस कदर क्षतिग्रस्त हो गई है कि अब वह खंडहर जैसी नजर आ रही है।

शवों की पहचान का काम जारी

अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर ने पुष्टि की है कि अब तक 204 शव सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस लाए जा चुके हैं, जबकि 41 जख्मी अलग-अलग वार्डों में भर्ती हैं। मलबे में अभी और लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई है, जिसके चलते राहत व बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

पायलट ने क्रैश से पहले भेजा था MAYDAY कॉल

एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को पायलट की ओर से क्रैश से ठीक पहले “Mayday Call” भेजा गया था—यह संकेत होता है कि विमान गंभीर संकट में है और तुरंत मदद चाहिए। इसके कुछ सेकंड बाद ही संपर्क टूट गया और विमान हादसे का शिकार हो गया।

एयर इंडिया ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

विमान हादसे के बाद एयर इंडिया ने यात्रियों और उनके परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया है। विदेशियों के लिए अलग नंबर +91 8062779200 भी सक्रिय किया गया है। एयरलाइन ने मीडिया से अपील की है कि ये नंबर सिर्फ पीड़ितों के लिए हैं, इसलिए पत्रकार इन्हें कॉल न करें।

अब भी कई सवाल बाकी

हादसे की वजह क्या थी? पायलट ने MAYDAY कॉल क्यों दी? क्या विमान तकनीकी खराबी से ग्रस्त था?—इन तमाम सवालों की जांच DGCA और अन्य एजेंसियों ने शुरू कर दी है। फिलहाल पूरा देश इस हादसे से स्तब्ध है और पीड़ितों के प्रति शोक व संवेदना प्रकट कर रहा है। सरकार ने मृतकों के परिजनों को सहायता राशि देने की घोषणा की है और प्रशासन हरसंभव राहत में जुटा है।

What's your reaction?

Related Posts