देश - विदेश

बस एक डोज और मोटापा गायब? चीन की इस नई दवा ने दुनिया भर में मचाई सनसनी

नई दिल्ली: मोटापे से परेशान लोगों के लिए उम्मीद की एक नई किरण सामने आई है। दरअसल, चीन की एक फार्मास्युटिकल कंपनी द्वारा विकसित की जा रही प्रायोगिक दवा Ribupatide ने एक नए क्लीनिकल ट्रायल में शानदार नतीजे दिखाए हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि, सप्ताह में एक बार लगाए जानें वाले इस इंजेक्शन से मरीजों का औसतन 17.7 प्रतिशत तक वजन कम हुआ। इसमें सबसे खाद बात यह रही कि, सबसे ज्यादा डोज लेने वाले लगभग आधे लोगों ने अपने शुरुआती वजन का 20 प्रतिशत से ज्यादा वजन घटाया। इस नतीजे के बाद माना जा रहा है कि यह दवा भविष्य में Wegovy और Mounjaro जैसी चर्चित वेट लॉस दवाओं को चुनौती दे सकती है।

48 हफ्तों में घटा औसतन 17.7 प्रतिशत तक वजन

मेडिकल जर्नल JAMA में प्रकाशित इस अध्ययन में शंघाई की फुदान यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने 567 ऐसे वयस्कों को शामिल किया, जो अधिक वजन या मोटापे से परेशान थे। अध्ययन में शामिल लोगों की औसत उम्र 34 साल थी। शोधकर्ताओं ने प्रतिभागियों को दो समूहों में बांटा। इनमें से 424 लोगों को हर सप्ताह Ribupatide का इंजेक्शन दिया गया, जबकि 143 लोगों को प्लेसिबो यानी बिना सक्रिय दवा वाला इंजेक्शन दिया गया।

Ribupatide को तीन अलग-अलग डोज में दिया गया। 48 सप्ताह के अध्ययन के बाद इसके नतीजे कुछ इस तरह सामने आए:

2mg डोज: मरीजों का औसतन 10.7 प्रतिशत वजन कम हुआ।

4mg डोज: मरीजों का औसतन 16.4 प्रतिशत वजन कम हुआ।

6mg डोज: मरीजों का औसतन 17.7 प्रतिशत वजन कम हुआ।

प्लेसिबो समूह: प्रतिभागियों का वजन औसतन सिर्फ 1.4 प्रतिशत कम हुआ।

इतना ही नहीं अध्ययन में यह भी सामने आया कि सबसे अधिक 6mg डोज लेने वाले प्रतिभागियों में से 44.4 प्रतिशत लोगों ने अपने शुरुआती वजन का कम से कम 20 प्रतिशत वजन घटाया। वहीं 4mg डोज लेने वालों में यह आंकड़ा 37.1 प्रतिशत और 2mg डोज लेने वालों में 13.6 प्रतिशत रहा।

कैसे काम करती है Ribupatide?

Ribupatide का काम करने का तरीका Mounjaro जैसी दवा से मिलता-जुलता है। यह शरीर में भूख और ब्लड शुगर को नियंत्रित करने वाले दो हार्मोन की तरह काम करती है। इससे व्यक्ति को लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है। नतीजतन भूख कम लगती है और व्यक्ति पहले की तुलना में कम खाना खाता है। इसी प्रक्रिया के जरिए शरीर का वजन कम करने में मदद मिलती है।

शोधकर्ताओं के मुताबिक, 4mg और 6mg डोज लेने वाले लोगों का वजन अध्ययन के 48वें सप्ताह तक भी कम हो रहा था। यानी उस समय तक वजन घटने की प्रक्रिया स्पष्ट रूप से स्थिर नहीं हुई थी। इससे संकेत मिलता है कि लंबे समय तक इलाज जारी रहने पर वजन में और कमी आ सकती है। हालांकि, इसकी पुष्टि के लिए आगे के अध्ययन जरूरी हैं।

Wegovy और Mounjaro से कितनी अलग है नई दवा?

मोटापा कम करने के लिए फिलहाल Wegovy और Mounjaro जैसी दवाएं काफी चर्चा में हैं। ऐसे में Ribupatide के नतीजों की तुलना इन दवाओं से की जा रही है। Wegovy में Semaglutide नामक सक्रिय तत्व होता है। अध्ययन के अनुसार, इस दवा से 72 सप्ताह में औसतन करीब 18.7 प्रतिशत वजन कम होने के नतीजे सामने आए हैं। वहीं Mounjaro में Tirzepatide का इस्तेमाल किया जाता है। इससे 72 सप्ताह में औसतन करीब 22.5 प्रतिशत तक वजन कम होने की बात सामने आई है। Ribupatide ने 48 सप्ताह में 17.7 प्रतिशत तक औसत वजन घटाने के नतीजे दिए हैं। हालांकि, इन दवाओं के अध्ययन अलग-अलग परिस्थितियों और प्रतिभागियों पर किए गए हैं। इनके बीच अभी सीधे तुलना वाला निष्कर्ष निकालना सही नहीं होगा।

वजन घटाने के साथ ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल में भी सुधार

Ribupatide के अध्ययन में सिर्फ वजन कम होने के नतीजे ही नहीं मिले, बल्कि स्वास्थ्य से जुड़े कुछ अन्य महत्वपूर्ण संकेतकों में भी सुधार देखा गया।शोधकर्ताओं के मुताबिक, इस दवा का इस्तेमाल करने वाले लोगों में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर नियंत्रण और कोलेस्ट्रॉल के स्तर में सुधार दर्ज किया गया।

अध्ययन में सामने आए प्रमुख परिणाम इस प्रकार हैं:

ब्लड प्रेशर: प्लेसिबो समूह की तुलना में सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर में करीब 7 से 9 पॉइंट अधिक गिरावट दर्ज की गई।

ट्राइग्लिसराइड्स: खून में मौजूद एक प्रकार की वसा के स्तर में करीब 29 से 37 प्रतिशत तक अधिक कमी देखी गई।

इंसुलिन रेजिस्टेंस: 2mg डोज पर करीब 30 प्रतिशत, 4mg पर 44 प्रतिशत और 6mg पर 46 प्रतिशत तक कमी दर्ज की गई।

कोलेस्ट्रॉल: कुल कोलेस्ट्रॉल के स्तर में डोज के अनुसार 6 से 9 प्रतिशत तक गिरावट देखी गई।

कमर का आकार: दवा लेने वाले प्रतिभागियों की कमर औसतन 9 से 14 सेंटीमीटर तक कम हुई। जबकि प्लेसिबो समूह में यह कमी करीब 2.5 सेंटीमीटर रही।

शोधकर्ताओं का मानना है कि ये बदलाव मोटापे से जुड़े कई स्वास्थ्य जोखिमों को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण हो सकते हैं। हालांकि, इन नतीजों से अभी यह साबित नहीं होता कि दवा हार्ट अटैक या स्ट्रोक जैसी बीमारियों को रोकती है।

क्या हैं Ribupatide के साइड इफेक्ट्स?

वजन घटाने वाली दूसरी दवाओं की तरह Ribupatide के इस्तेमाल से भी कुछ साइड इफेक्ट सामने आए हैं। अध्ययन में सबसे आम दुष्प्रभाव पेट और पाचन तंत्र से जुड़ी समस्याएं थीं।

इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं: जी मिचलाना, उल्टी होना और दस्त की समस्या

अध्ययन के अनुसार, सबसे कम डोज लेने वाले करीब आधे प्रतिभागियों और सबसे अधिक डोज लेने वाले लगभग दो-तिहाई प्रतिभागियों में इस तरह के लक्षण देखे गए। हालांकि, ज्यादातर मामलों में ये लक्षण हल्के या मध्यम स्तर के थे।

ब्रिटेन में भी शुरू हुई ट्रायल की तैयारी

Ribupatide के शुरुआती नतीजे उत्साहजनक जरूर हैं, लेकिन शोधकर्ताओं ने अध्ययन की कुछ सीमाओं की ओर भी ध्यान दिलाया है। उनके मुताबिक, 48 सप्ताह की अवधि इस दवा के पूरे प्रभाव को समझने के लिए पर्याप्त नहीं हो सकती। इसके अलावा अध्ययन में शामिल प्रतिभागियों की औसत उम्र 34 साल थी। ऐसे में बुजुर्गों में इसकी प्रभावशीलता और सुरक्षा को लेकर अभी पर्याप्त जानकारी उपलब्ध नहीं है। इस दवा को लेकर ब्रिटेन में भी क्लीनिकल ट्रायल शुरू किए गए हैं। मैनचेस्टर, लंदन और नॉटिंघम जैसे शहरों में इसके लिए प्रतिभागियों की भर्ती की गई है। आगे के अध्ययन में डायबिटीज से पीड़ित और बिना डायबिटीज वाले लोगों पर Ribupatide के 10mg तक के साप्ताहिक डोज का परीक्षण किया जाएगा। इस दौरान करीब 18 महीने तक दवा के प्रभाव की तुलना प्लेसिबो से की जाएगी।

कई देशों में चल रहा अध्ययन

इसके अलावा, करीब 1,200 लोगों को शामिल करते हुए एक अलग ट्रायल में Ribupatide की सीधी तुलना Semaglutide से भी की जा रही है। यह अध्ययन ब्रिटेन समेत कई देशों में चल रहा है। कुल मिलाकर, Ribupatide के शुरुआती नतीजे मोटापे के इलाज के क्षेत्र में नई संभावना पेश करते हैं। हालांकि, इसे Wegovy और Mounjaro का विकल्प मानने से पहले बड़े और लंबे क्लीनिकल ट्रायल के नतीजों का इंतजार करना जरूरी है। फिलहाल यह एक प्रायोगिक दवा है और डॉक्टर की सलाह के बिना वजन घटाने के लिए किसी भी इंजेक्शन का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

What's your reaction?

Related Posts

Mobile Banned : स्कूलों में मोबाइल फ़ोन पूरी तरह बैन …. अगले साल मार्च से लागू होगा नियम, देश की संसद ने पास किया कानून

सियोल : दक्षिण कोरिया ने देशभर के स्कूलों में मोबाइल फोन और दूसरे डिजिटल उपकरणों…

Breaking : वायुसेना का विमान क्रैश, 110 सैनिक थे सवार, रेस्क्यू आपरेशन में 57 को जिंदा निकाला, टेकऑफ के दौरान हुआ हादसा

कोलंबिया : कोलंबिया से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां सोमवार को वायुसेना का विमान…

7 बहुमंजिला इमारतों में लगी भीषण आग, 44 की मौत, 300 से ज्यादा लोग लापता, देखिए हादसे की डराने वाली फोटोज

नई दिल्ली : हांगकांग के ताई पो उपनगरीय इलाके में बुधवार दोपहर हुए भीषण अग्निकांड…

नेपाल में बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 469, 1 हजार लोग अब भी लापता, तलाश और बचाव अभियान जारी

नई दिल्ली : मध्य नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या शुक्रवार को…

1 of 6