एक महिला जिसका नाम एना क्रिस्टीना हैं उसने बताया कि, उसके पति ने उसके खाने में चूहे मारने वाला जहर मिलाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की थी। उसने बताया कि, खाना खाने के बाद वह मौत के बेहद करीब पहुंच गई थी और उसे ऐसा अनुभव मिला की मौत को लेकर उसका नजरिया ही बदल गया। महिला के मुताबिक, इस अनुभव के दौरान उसकी मुलाकात अपने दिवंगत माता-पिता और बहन से हुई। उसने उन्हें इंसानी रूप में नहीं, बल्कि प्रकाश के पुंज के रूप में देखा। महिला ने इस अनुभव को बेहद सुकून देने वाला बताया और कहा कि अब उसे मौत से डर नहीं लगता।
मौत के करीब पहुंचने पर मृत माता-पिता और बहन दिखे
एक न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, एना क्रिस्टीना नाम की इस महिला ने एक यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान उसने बताया कि, इस अनुभव के दौरान वह एक ऐसे प्रवेश द्वार तक पहुंची, जहां उसे प्रकाश का एक पुंज दिखाई दिया। एना के मुताबिक, वह उसकी मां थीं, जिनका निधन कथित जहर दिए जाने की घटना से करीब एक साल पहले हो गया था। एना ने बताया कि प्रकाश के उस पुंज का चेहरा स्पष्ट नहीं था, लेकिन उसे तुरंत एहसास हो गया कि वह उसकी मां हैं।
उसने कहा कि मां को इस तरह देखना उसके लिए बेहद भावुक और सुकून देने वाला अनुभव था। इसके बाद एना ने अपनी बहन नादिया को देखने का दावा किया। एना के मुताबिक, नादिया का दिल बहुत अच्छा था, लेकिन वह गहरे अवसाद से जूझ रही थीं और 35 साल की उम्र में उसने आत्महत्या कर ली थी। एना ने इस अनुभव के दौरान महसूस किए गए सुकून का जिक्र करते हुए कहा कि ईश्वर दयालु हैं और इंसानों की तरह लोगों को कठोरता से नहीं परखते।
एना ने कहा- पिता को देखकर मिला भावनात्मक सुकून
एना ने बताया कि इसके बाद वह उस जगह पहुंची, जहां उसकी मां के साथ एक और प्रकाश का पुंज मौजूद था। महिला के मुताबिक, वह उसके पिता थे, जिनकी मौत तब हो गई थी, जब वह महज 22 साल की थी। उसके पिता की जान एक कार दुर्घटना में गई थी। एना ने कहा कि पिता की मौत का सदमा वह कभी पूरी तरह भुला नहीं पाई थी। ऐसे में उन्हें दोबारा देखने का अनुभव उसके लिए अतीत के दर्द से उबरने जैसा था। उसने बताया कि अपने माता-पिता को उस खूबसूरत जगह पर देखकर उसे बेहद खुशी और शांति महसूस हुई।
एना के पति पर जहर देने का आरोप
एना अपने पति पर आरोप लगाते हुए कहा कि, जब उसके पति ने कथित तौर पर उसके उसके खाने में जहर मिला दिया था। एना ने बताया कि, खाना खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह कुछ समय के लिए लकवाग्रस्त हो गई। उसे लगा कि अब उसकी मौत हो सकती है, लेकिन कुछ समय बाद उसे होश आ गया। एना ने बताया कि होश में आने के बाद उसे समझ नहीं आ रहा था कि उसके साथ क्या हुआ है। शुरुआत में उसे हार्ट अटैक या स्ट्रोक आने की आशंका हुई, लेकिन उसके मुताबिक, ईसीजी और मस्तिष्क की जांच की रिपोर्ट सामान्य आई।
इसके बाद उसके वकील ने बालों का फोरेंसिक विश्लेषण कराने की सलाह दी। एना का कहना है कि जांच में उसके शरीर में सीसा (लेड), पारा (मरकरी) और सेलेनियम की मात्रा अधिक पाई गई। उसने दावा किया कि इन नतीजों से उसे शक हुआ कि उसके खाने में चूहे मारने वाला जहर मिलाया गया था। एना के मुताबिक, उसे संदेह है कि उसके पति ने उसे मिस्र जाने से रोकने के लिए ऐसा किया था। हालांकि, पति पर लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध जानकारी से नहीं होती है।
मौत को लेकर बदल गया एना का नजरिया
एना का कहना है कि इस अनुभव ने उसकी जिंदगी को देखने का नजरिया बदल दिया है। अब उसे मौत से पहले जैसा डर नहीं लगता। उसके मुताबिक, जीवन में मुश्किलें और उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन उसने अपने अनुभव में दूसरी दुनिया को शांति, खुशी और प्यार से भरी जगह के रूप में महसूस किया। एना ने कहा कि उसे ऐसा नहीं लगा कि वह मर चुकी है।
उसके मुताबिक, वहां न शुरुआत का एहसास था और न अंत का। उसने इसे एक अद्भुत अनुभव बताया, जिसने उसके विश्वास को और मजबूत किया कि इंसान अपने प्रियजनों से दोबारा मिल सकता है।एना ने यह भी कहा कि इस अनुभव के बाद उसे महसूस हुआ कि ईश्वर उसके जीवन की छोटी-छोटी बातों में भी शामिल हैं। उसके लिए यह एहसास एक बड़े आशीर्वाद जैसा रहा। एना के मुताबिक, उसे अब लगता है कि इंसान कभी पूरी तरह अकेला नहीं होता।


























