गुवाहाटी : असम के तमुलपुर जिले में बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल यानी बीटीसी के डिप्टी स्पीकर बिजित ग्वरा नरजारी की मौत से हड़कंप मच गया है। पुलिस के मुताबिक बुधवार को उनका शव कुमारिकाटा स्थित उनके आवास पर फंदे से लटका मिला। प्रथम दृष्टया इसे सुसाइड मानकर जाँच की शुरुआत की गई है। नरजारी बीटीसी की 26 नंबर दर्रांगाजुली काउंसिल सीट का प्रतिनिधित्व करते थे और फ़िलहाल परिषद के डिप्टी स्पीकर के पद पर कार्यरत थे।
सभी एंगल से जांच शुरू
पुलिस के मुताबिक़ उनकी मौत की सटीक वजह सामने नहीं आई है। घटना किन परिस्थितियों में हुई इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी एंगल को ध्यान में रखकर पूछताछ और जांच कर रही है।
असम के मंत्री ने दी श्रद्धांजलि
नरजारी के निधन की खबर से बीटीसी क्षेत्र में शोक की लहर है। बीटीसी प्रमुख हाग्रामा मोहिलारी ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए इसे समुदाय के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने शोकाकुल परिवार, दोस्तों और सहयोगियों के प्रति संवेदना व्यक्त की। असम के मंत्री बिस्वजीत दैमारी ने भी नरजारी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि तमुलपुर और पूरे बीटीसी क्षेत्र ने एक मजबूत और कुशल नेता खो दिया है। नरजारी की अचानक मौत से बीटीसी नेतृत्व और दर्रांगाजुली क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं।











































