कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के डिपरापारा में 40 वर्षीय लवकुश साहू का झुलसा हुआ शव उसके ही घर के सामने 11 केवी बिजली के खंभे के नीचे मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि उसने करंट प्रवाहित हाईटेंशन तार के संपर्क में आकर जान गंवाई। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी।
घर के सामने मिला झुलसा हुआ शव
जानकारी के मुताबिक, लवकुश साहू हमाली कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। रविवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने उसके घर के सामने बिजली के खंभे के नीचे उसका शव पड़ा देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
11 केवी लाइन के खंभे पर चढ़ने की आशंका
पुलिस पूछताछ में मृतक की पत्नी बिन्दा साहू ने बताया कि उनके घर का बिजली कनेक्शन पीछे स्थित दूसरे खंभे से जुड़ा हुआ है और घटना के समय घर में बिजली की आपूर्ति भी सामान्य थी। इसके बावजूद लवकुश घर के सामने बाउंड्री वॉल से लगे 11 केवी हाईटेंशन लाइन के खंभे पर चढ़ गया। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आने से वह नीचे गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के तकनीकी पहलुओं की पुष्टि के लिए बिजली विभाग से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जाता है कि बिन्दा साहू का यह दूसरा विवाह था। पहले पति की मौत के बाद उसके बच्चे थे। लवकुश से भी उसके बच्चे हैं और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसकी अचानक मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।


























