Kanker

CG Crime : बैटरी चोरी गैंग कंपनी का कर्मचारी ही निकला गिरोह का मददगार, 6 आरोपी गिरफ्तार

कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में जियो मोबाइल टावरों से लगातार हो रही बैटरी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सक्रिय एक अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि इस गिरोह को जियो कंपनी का ही एक कर्मचारी टावरों की जानकारी देकर चोरी में मदद कर रहा था। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 49 जियो टावर बैटरियां, 311 बैटरी बॉक्स, बैटरियों से निकाला गया भारी मात्रा में मेटल, चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और 41 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इससे पहले रावघाट थाना पुलिस इसी गिरोह से 72 बैटरियां बरामद कर चुकी थी।

तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना से खुला राज

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछोर और एसडीओपी शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में आमाबेड़ा, कोयलीबेड़ा, बांदे, छोटेबेठिया और रावघाट थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों की गहन जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली सूचना और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

जनवरी से अप्रैल 2026 तक कई टावरों को बनाया निशाना

जांच के दौरान आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के किसकोड़ो स्थित जियो टावर से बैटरी चोरी के मामले में माखन तुमरेटी और देवराज बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच आमाबेड़ा, कोयलीबेड़ा, बांदे, छोटेबेठिया, रावघाट और नारायणपुर जिले के सोनपुर क्षेत्र स्थित जियो टावरों से बैटरियां चोरी करना स्वीकार किया।आरोपी चोरी की गई बैटरियों को खोलकर उनमें मौजूद कीमती मेटल अलग कर कबाड़ियों को बेच देते थे, जबकि खाली बैटरी बॉक्स भी अलग से बेचकर अवैध कमाई करते थे।

दल्लीराजहरा में दबिश, भारी मात्रा में सामान जब्त

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दल्लीराजहरा क्षेत्र में छापेमारी कर चोरी की बैटरियां, सैकड़ों खाली बैटरी बॉक्स, बैटरियों से निकाला गया मेटल, हथौड़ा, पेचकस, रेती सहित अन्य औजार और बिक्री से मिले 41 हजार रुपये नकद बरामद किए।

छह आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने मामले में राजेश नेताम, माखन तुमरेटी, देवराज बघेल, राजेश यादव, एली मसीह और अंकित कुमार जैन को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया। अदालत ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से जिले में मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी की कई वारदातों का खुलासा हुआ है। मामले की जांच अभी जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

What's your reaction?

Related Posts

CG: शौच के लिए घर से बाहर निकली थी महिला,अचानक भालू ने किया हमला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती

कांकेर:- जिले में जंगली जानवरों के रिहायशी इलाकों के आसपास पहुंचने और ग्रामीणों…

1 of 8