कोलकाता : दक्षिण-पूर्वी कोलकाता के सैकड़ों निवासी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पार्षद बप्पादित्य दासगुप्ता के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए पातुली थाने के बाहर एकत्र हुए। दासगुप्ता को जबरन वसूली सहित अन्य गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी नेता पर उस समय अंडे फेंके, जब पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें अलीपुर अदालत ले जा रही थी। कोलकाता नगर निगम के वार्ड 101 के पार्षद दासगुप्ता को शनिवार शाम उनके सहयोगी सौरव घोष के साथ गिरफ्तार किया गया था।
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पार्षद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें जबरन वसूली, आपराधिक धमकी, आगजनी का प्रयास और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। यह मामला स्थानीय वकील परमिता डे द्वारा दायर एक शिकायत से संबंधित है, जिन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपने आवास पर एक चैंबर स्थापित करने की कोशिश की तो दासगुप्ता ने उनसे 20 लाख रुपये की मांग की।
शिकायत के अनुसार, लगातार दबाव और धमकियों का सामना करने के बाद डे ने आखिरकार दो लाख रुपये का भुगतान किया। अधिकारी ने कहा, ‘‘शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 2021 के विधानसभा चुनाव परिणामों की घोषणा के तुरंत बाद, दासगुप्ता और उनके साथियों ने गैरकानूनी रूप से डे के आवास में प्रवेश किया, संपत्ति में तोड़फोड़ की और आगजनी का प्रयास किया।’’ पातुली थाने के बाहर प्रदर्शनकारियों ने पार्षद को ‘‘चोर’’ बताते हुए नारे लगाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कई निवासियों ने दासगुप्ता पर जमीन हड़पने और जबरन उगाही का विरोध करने वालों को धमकाने का आरोप लगाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस काफिले को रोकने की कोशिश की और दासगुप्ता को ले जा रहे वाहन पर अंडे फेंके, जो इस मामले को लेकर जनता के आक्रोश को दर्शाता है। नवनिर्वाचित भाजपा सरकार में मंत्री इंद्रनील खान ने कहा, ‘‘लोगों का यह आक्रोश टीएमसी नेताओं द्वारा उन पर किए गए अत्याचारों का परिणाम है। लोग अब शिकायतें दर्ज कराने के लिए आगे आ रहे हैं।’’
हावड़ा से भी TMC नेता का वीडियो वायरल
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक नेता की गिरफ्तारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस से बचने के लिए टीएमसी नेता एक कपड़े की दुकान के स्टोररूम में साड़ियों के ढेर के नीचे छिप गया था, लेकिन वह पुलिस की नजरों से नहीं बच सका।
पुलिस ने साड़ियों के बंडल हटाकर नेता को खोज निकाला और गिरफ्तार कर लिया। यह घटना हावड़ा के उदयनारायणपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर इलाके की बताई जा रही है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान ब्रह्मानंद चक्रवर्ती के रूप में हुई है, जो तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता बताए जाते हैं। स्थानीय लोगों ने उन पर सरकारी आवास योजना के फंड में कथित तौर पर ‘कट मनी’ लेने और जबरन वसूली जैसे आरोप लगाए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ब्रह्मानंद की तलाश में पहुंची थी।
रिश्वत लेने के आरोप में नेता का सिर मुंडवाया
इधर अमरदाहा गांव में ग्रामीणों ने TMC नेता सन्यासी मन्ना का सिर मुंडवाकर उन्हें जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया। ग्रामीणों का आरोप है कि वह सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे वसूलता था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मन्ना को भीड़ से छुड़ाया। पुलिस ने कहा कि आरोपों की जांच की जाएगी। फिलहाल उनके खिलाफ कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है।























