नई दिल्ली : कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों के लिए अहम जानकारी सामने आई है। दरअसल सीबीएसई ने कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया है। बोर्ड की ओर से इस संबंध में अधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। हालांकि सीबीएसई ने ये फैसला बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और UAE के लिए लिया गया है।
10वीं-12वीं की परीक्षाएं रद्द
सीबीएसई की ओर से जारी निर्देश के अनुसार खाड़ी देशों में असामान्य वैश्विक हालात और युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण पैदा हुई बाधाओं और छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। जारी निर्देश में बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और UAE को शामिल किया गया है।
मारे गए सर्वोच्च नेता अली खामेनेई
दरअसल ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत ने मिडिल ईस्ट को पूर्ण युद्ध के कगार पर ला खड़ा किया है। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की कि शनिवार सुबह तेहरान स्थित उनके कार्यालय ‘लीडरशिप हाउस’ पर हुए हमले में खामेनेई मारे गए। इसी हमले में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रमुख मेजर जनरल मोहम्मद पाकपुर और वरिष्ठ सलाहकार अली शमखानी की भी मौत हुई।
40 दिनों के राष्ट्रीय शोक
सरकारी टेलीविजन पर एक एंकर ने भावुक होकर 40 दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की। बताया गया कि हमले के समय खामेनेई अपने कार्यालय में कामकाज कर रहे थे। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार तेहरान में उनके आवास-कार्यालय परिसर को भारी नुकसान पहुंचा और मलबे से उनका शव बरामद हुआ। हादसे में बटी, बहू, दामाद और पोते के मारे जाने की भी खबर है। इजरायली मीडिया के हवाले से यह भी दावा सामने आया कि ऑपरेशन के बाद खामेनेई के मारे जाने की तस्वीरें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को दिखाई गईं। रिपोर्टों में कहा गया कि हमले में ईरान के रक्षा मंत्री अजीज नसीरजादेह समेत कई शीर्ष सैन्य अधिकारी भी मारे गए।






















