दुर्ग : भिलाई के सेक्टर-8 स्थित एक मकान में महिला शिक्षिका की अधजली लाश मिलने के बाद हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शिक्षिका घर पर ही ट्यूशन पढ़ाने का काम करती थी, जबकि शिक्षिका का पति निजी कंपनी में इंजीनियर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पुलिस ने शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई की और परिजनों को सूचना दी। बताया जा रहा है कि मृतिका का बेटा डाॅक्टर है, जबकि बेटी एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद कर जब्त किया है।
जानकारी के मुताबिक ये घटना भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि सेक्टर-8 में रंजना देवांगन अपने घर पर ही बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं। मंगलवार सुबह उन्होंने एक बैच को ट्यूशन पढ़ाया था। शाम को जब दूसरे बैच के छात्र ट्यूशन के लिए पहुंचे, तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। छात्रों को संदेह हुआ और उन्होंने आसपास के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी डाॅयल 112 को दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर जब अंदर प्रवेश किया, तो जांच के दौरान बाथरूम में शिक्षिका का जला हुआ शव मिला।
यह दृश्य देखकर छात्रों और आसपास के लोगों के होश उड़ गए। पुलिस ने तत्काल घर को सील कर जांच शुरू कर दी।भिलाई नगर थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस ने इस घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मृतका का बेटा डाॅक्टर और बेटी एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है।
सुसाइड नोट में शारीरिक परेशानी की लिखी बात
पुलिस की जांच में रजनी के घर से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उसने अपने शारीरिक परेशानी की बात लिखी है। अपनी मौत का जिम्मेदार उसने खुद को ठहराया है। हालांकि पुलिस ने सुसाइड नोट सार्वजनिक नहीं किया है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले पर प्राथमिकी दर्ज कर घटना के कारणों की जाचं शुरू कर दी है।






















