रायगढ़ : रायगढ़ में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के मामले में पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा एक्शन लिया है। श्री सत्यनारायण बाबा को लेकर सोशल मीडिया पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने तीन आरोपी में से एक आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर की गई, जिसमें कोरबा पुलिस का भी सहयोग रहा। आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले के मुख्य एवं अन्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर श्री सत्यनारायण बाबा जी के संबंध में आपत्तिजनक वीडियो और पोस्ट वायरल होने के बाद यह मामला लगातार तूल पकड़ता गया। इस मामले को लेकर जिला साहू समाज रायगढ़ के अध्यक्ष डिग्रीलाल साहू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाजजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। शिकायत प्राप्त होते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। कोतरारोड़ थाना एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी सरोज रात्रे पिता राम लकेश्वर रात्रे, उम्र 32 वर्ष, निवासी सलिहाभांठा थाना उरगा जिला कोरबा को कोरबा पुलिस के सहयोग से कोरबा से गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस मामले में कुल तीन लोगों के नाम से शिकायत दर्ज हुई है, जिनमें से यह आरोपी गिरफ्तार हुआ है। मुख्य आरोपी, जिसने आपत्तिजनक वीडियो बनाया था, आकाश शर्मा सहित एक अन्य आरोपी अब तक फरार है, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री शेयर करने में प्रयुक्त विवो मोबाइल फोन भी जप्त किया है।
देखें पूरा वीडियो –






















