रायपुर : राजधानी रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में बीते 15 दिनों के भीतर ज्वेलरी दुकानों से लॉकेट चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं। दोनों मामलों में अज्ञात व्यक्ति ने लॉकेट देखने के बहाने दुकानों में घुसकर चोरी की और बाहर खड़े अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया। पहली घटना 7 जनवरी की है। श्री साई ज्वेलर्स के संचालक घनश्याम प्रसाद देवांगन ने पुलिस को बताया कि शाम करीब 5.59 बजे एक युवक दुकान में आया और सोने का लॉकेट देखने लगा।
जैसे ही 7.04 ग्राम का लॉकेट तौलकर निकाला गया, वह युवक लॉकेट लेकर दुकान से बाहर निकल गया। दुकानदार ने पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बाहर पहले से मौजूद उसका साथी बाइक पर तैयार था और दोनों भाग गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। दूसरी घटना 26 दिसंबर की है, जिसकी रिपोर्ट अब दर्ज कराई गई है। सुरेश ज्वेलर्स के संचालक दिनेश कुमार सोनी ने बताया कि एक युवक बड़े साइज का लॉकेट देखने के बहाने दुकान में आया।
5.5 ग्राम के दो लॉकेट दिखाए गए, जिसमें से एक लॉकेट वह चोरी कर बाहर निकल गया। जब दुकानदार को इसका अहसास हुआ और उसने पीछा किया, तब वह अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया। दोनों ज्वेलरी दुकानदारों की रिपोर्ट पर आरंग पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2)-BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।






















