जयपुर : 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। जनगणना के चलते बोर्ड ने यह बड़ा फैसला लिया है। इससे पहले यह परीक्षा फरवरी महीने में निर्धारित की गई थी। बोर्ड ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के माध्यम से इसकी जानकारी साझा की है। हालांकि, परीक्षाओं की नई तारीखों का ऐलान अभी नहीं किया गया है।
दरअसल, राजस्थान बोर्ड ने इससे पहले 7 नवंबर को वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया था। इसके मुताबिक, 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होनी थीं। लेकिन अब जनगणना की प्रक्रिया के मद्देनजर बोर्ड ने फरवरी में परीक्षाएं आयोजित नहीं करने का निर्णय लिया है। पहले बोर्ड परीक्षाएं सुबह 8:30 बजे से आयोजित होती थीं, लेकिन नए कार्यक्रम में परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे निर्धारित किया गया था।
हालांकि, परीक्षाएं स्थगित होने के बाद समय में भी बदलाव होगा या पहले निर्धारित समय ही लागू रहेगा, इस संबंध में बोर्ड ने अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। संशोधित टाइमटेबल जारी होने के बाद ही परीक्षा की नई तारीखों और समय को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।
मॉडल पेपर जारी, तैयारी जारी रखने की सलाह
परीक्षाओं की तारीखों में बदलाव के बीच राजस्थान बोर्ड ने विद्यार्थियों की तैयारी के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं के मॉडल प्रश्नपत्र भी जारी किए हैं। विद्यार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इन मॉडल पेपर को डाउनलोड कर सकते हैं। इनके माध्यम से छात्र परीक्षा के प्रश्नपत्र के प्रारूप, सवालों के स्वरूप और परीक्षा की तैयारी का आकलन कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश में भी मॉडल पेपर जारी
राजस्थान की तरह उत्तर प्रदेश में भी उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा के लिए सभी विषयों के मॉडल प्रश्नपत्र अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। अब विद्यार्थी घर बैठे अपनी कक्षा और विषय के अनुसार मॉडल पेपर डाउनलोड कर परीक्षा की तैयारी को धार दे सकते हैं।
मॉडल प्रश्नपत्र विद्यार्थियों को केवल प्रश्नों का अभ्यास ही नहीं कराएंगे, बल्कि बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र का पूरा खाका समझने में भी मददगार होंगे। किस तरह के सवाल पूछे जा सकते हैं, प्रश्न के कितने अंक होंगे और पेपर का स्तर कैसा रहेगा, इसकी जानकारी पेपर से मिलेगी। विद्यार्थी निर्धारित समय में प्रश्नपत्र हल करके अपनी तैयारी की असली स्थिति भी परख सकेंगे। खास बात यह है कि मॉडल पेपर हल करने के दौरान विद्यार्थियों को अपनी कमजोरियों का पता चल सकेगा।


























