मुंबई : खेती किसानी को देश की रीढ़ माना जाता है, लेकिन खेती शब्द बोलने में जितना आसान है उतना खेती करना मुश्किल है। फसल की बुआई से लेकर किसानों को हर तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जिन किसानों के पास ट्रैक्टर नहीं होता, वे जुताई के लिए बैलों पर निर्भर रहते हैं और बैल भी नहीं होता तो काम काफी प्रभावित होता है। ऐसा ही एक हृदय विदारक मामला महाराष्ट्र के लातूर जिले से सामने आया है, जहां एक किसान के पास जुताई के लिए बैल नहीं था तो बैल की जगह खुद उसकी पत्नी खेत की जुताई की। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला बांबली गांव (देवनी तहसील) का है। दरअसल, यहां रहने वाले किसान काशीनाथ गायकवाड़ के एक बैल की बेमौसम बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। जिसके बाद किसान की चुनौती बढ़ गई। परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर थी कि वह दूसरा बैल खरीदने के लिए असमर्थ रहा। जिसके बाद भी वो हार नहीं माना और खेती का काम जारी रखने के लिए मजबूरी में अपनी पत्नी को हल के दूसरे छोर पर बांध कर खेत की जुताई की।
वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुई चर्चा
इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना किसानों की आर्थिक परेशानियों और ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद कठिन परिस्थितियों को उजागर करती है। वायरल हो रहा इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि जिसमें हल के एक ओर बैल है और दूसरी छोर पर किसान की पत्नी। वीडियो देखने के बाद अब हर कोई भावुक हो गए हैं। इस घटना ने पूरे राज्य का ध्यान अपनी ओर खींच लिया और किसान परिवार की आर्थिक स्थिति तथा ग्रामीण इलाकों में किसानों की समस्याओं पर चर्चा शुरू हो गई।
प्रशासन ने लिया घटना का संज्ञान
इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने घटना का संज्ञान लिया है। लातूर के कलेक्टर ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। प्रशासन यह भी पता लगा रहा है कि किसान परिवार को तत्काल किस प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है।























