मुंबई : दुष्कर्म के आरोपी स्वयंभू बाबा अशोक खरात से संबंधों के आरोपों में घिरी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की नेता रूपाली चाकणकर ने शुक्रवार को पार्टी की महाराष्ट्र महिला शाखा के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। चाकणकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट शेयर करते हुए अपने इस्तीफे की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि सुबह सुनेत्रा पवार से फोन पर चर्चा के बाद उन्होंने यह निर्णय लिया है। उन्होंने अपने पद से हटने की बात स्पष्ट रूप से सार्वजनिक की।
अनु मलिक को क्लीन चिट देने के आरोप
इस बीच, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की नेता सुषमा अंधारे ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रहते हुए चाकणकर ने संगीतकार अनु मलिक को यौन उत्पीड़न के मामले में क्लीन चिट दी थी, जिसके बाद उनके बेटे को मलिक की फिल्म में काम मिला। हालांकि, अनु मलिक ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।
उन्होंने कहा कि उन्हें पहले राष्ट्रीय महिला आयोग और बाद में महाराष्ट्र महिला आयोग से क्लीन चिट मिली थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी को काम नहीं दिया और न ही किसी के लिए कोई सिफारिश की। गौरतलब है कि इससे पहले भी अशोक खरात से कथित संबंध सामने आने के बाद चाकणकर ने राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। खरात पर कई महिलाओं के यौन शोषण के आरोप हैं और उसे एक बलात्कार मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।






















