Rinku Singh : लखनऊ में भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे रिंकू सिंह को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है, जहां योगी सरकार ने उन्हें सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही रिंकू सिंह को रिजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर के पद का नियुक्ति पत्र सौंपेंगे, इस खबर के सामने आते ही क्रिकेट प्रेमियों के बीच यह सवाल तेजी से उठने लगा है कि क्या अब रिंकू सिंह अपने क्रिकेट करियर को अलविदा कह देंगे, हालांकि इस तरह की सरकारी नियुक्तियां आमतौर पर खिलाड़ियों के खेल करियर को प्रभावित नहीं करतीं और वे अपने खेल को जारी रख सकते हैं, ऐसे में संभावना यही है कि रिंकू क्रिकेट खेलते हुए ही इस जिम्मेदारी को निभाएंगे।
दरअसल, इससे पहले योगी सरकार ने रिंकू सिंह को अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली-2022 के तहत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) पद पर नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन उनकी शैक्षणिक योग्यता को लेकर विवाद खड़ा हो गया था, जिसके बाद उस नियुक्ति को रोक दिया गया, अब सरकार ने नया रास्ता निकालते हुए उन्हें खेल विभाग में रिजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर के पद पर नियुक्त करने का निर्णय लिया है, जिससे न केवल उनके योगदान का सम्मान होगा बल्कि प्रदेश के खेलों को भी मजबूती मिलेगी।
रिंकू सिंह ने बेहद संघर्ष के बाद भारतीय क्रिकेट टीम में अपनी जगह बनाई है, आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए खेलते हुए उन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहचान बनाई और फिनिशर के रूप में खास छवि बनाई, उनके प्रदर्शन के दम पर ही उन्हें टीम इंडिया में मौका मिला, जहां उन्होंने सीमित मौकों में भी अपनी क्षमता साबित की है, अब तक खेले गए 2 वनडे मैचों में उन्होंने 55 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 27.50 और स्ट्राइक रेट 134.14 रहा है।
वहीं टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में रिंकू सिंह का प्रदर्शन और भी शानदार रहा है, उन्होंने 45 मैचों में 665 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 39.1 और स्ट्राइक रेट 155.7 का रहा है, उनके बल्ले से 3 अर्धशतक भी निकले हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 69 रन है, इन आंकड़ों से साफ है कि रिंकू टीम इंडिया के लिए एक भरोसेमंद फिनिशर बनते जा रहे हैं। सरकार का यह कदम खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक बड़ा संदेश माना जा रहा है, वहीं अब सभी की नजर इस बात पर है कि रिंकू सिंह किस तरह अपने क्रिकेट करियर और नई जिम्मेदारी के बीच संतुलन बनाते हैं।






















