अंबेडकर नगर : उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां के मीरानपुर मोहल्ले में एक महिला द्वारा कथित रूप से ईंट से हमला कर चार नाबालिग बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने इस घटना पर हत्या का अपराध दर्ज कर फरार महिला की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक नाबालिग बच्चों की हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को घर का दरवाजा बंद मिला और बच्चों की मां भी मौके से गायब पाई गई। जिससे शक की सुई उसी की ओर घूम रही है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है और हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महरुआ निवासी नियाज की पत्नी अपने चार बच्चों के साथ मीरानपुर में रह रही थी। बताया जा रहा है कि नियाज पिछले कई वर्षों से सऊदी अरब में नौकरी कर रहा है। यह भी सामने आया है कि उसने वहां दूसरी शादी कर ली है। आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव के चलते महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया हो।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार महिला की तलाश तेज कर दी गई है। पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस जघन्य घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आएगी।





















