तिरुवनंतपुरम : केरल कांग्रेस के मुख्यालय से सामने आए एक वायरल वीडियो ने केरल की सियासत में हलचल मचा दी है। इस वीडियो में कांग्रेस के सीनियर नेता चेरियन फिलिप पर आरोप है कि उन्होंने कोल्लम से नव-निर्वाचित विधायक बिंदु कृष्णा को उनकी इच्छा के विपरीत गले लगाने की कोशिश की। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वाकया उस समय हुई जब बिंदु कृष्णा कांग्रेस विधायक दल की बैठक में शामिल होने के लिए पार्टी मुख्यालय पहुंची थीं। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं और मामला देखते ही देखते बड़ा विवाद बन गया।
क्या दिख रहा है वायरल वीडियो में?
वायरल क्लिप में साफ देखा जा सकता है कि बिंदु कृष्णा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद सबसे पहले मीडिया का अभिवादन करती हैं। इसके बाद वह चेरियन फिलिप की ओर बढ़ती हैं और उनसे हाथ मिलाने के लिए हाथ आगे बढ़ाती हैं। लेकिन आरोप है कि फिलिप ने हैंडशेक की बजाय उन्हें गले लगाने की कोशिश की। जब बिंदु कृष्णा असहज होकर पीछे हटती हैं, तब भी वह दोबारा उन्हें गले लगाने का प्रयास करते नजर आते हैं। अंत में बिंदु कृष्णा उन्हें हल्का सा दूर करते हुए हाथ जोड़ती हैं और बिना रुके आगे बढ़ जाती हैं।
सोशल मीडिया पर क्यों भड़का गुस्सा?
जैसे ही यह वीडियो सामने आया, सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. कई यूजर्स ने इस व्यवहार को “अनुचित” और “असम्मानजनक” बताया। कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि जब सामने वाला व्यक्ति साफ तौर पर असहज हो, तब भी इस तरह का व्यवहार दोहराना क्यों? वहीं कई यूजर्स ने इसे महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताया और कड़ी कार्रवाई की मांग की।





















