रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बिलासपुर में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और जनता के नाम संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान शिक्षा के मुद्दे पर विशेष रूप से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि, जब उन्होंने प्रदेश की कमान संभाली, तो दो बड़ी चुनौतियां थी। ऑनलाइन शिक्षा की वजह से बच्चों का लर्निंग लॉस हुआ था, वहीं शिक्षकों की कमी से भी पढ़ाई की व्यवस्था काफी प्रभावित हो रही थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 453 स्कूलों में एक भी शिक्षक नहीं थे, जबकि 1400 से ज्यादा स्कूल सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे थे। युक्तियुक्तकरण से शिक्षकों की कमी दूर करने का प्रयास सरकार ने किया। उन्होंने कहा कि अब वो सुदूर क्षेत्रों में जाते हैं, तो वहां ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था से संतुष्ट हैं। स्कूलों में पढ़ाई सुचारू रूप से हो रही है। अपने संबोधन में परख सर्वे में छत्तीसगढ़ का स्तर सुधरने पर मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया है कि प्रदेश के स्कूलों मे 9000 स्मार्ट क्लास तैयार किये जायेंगे। स्कूलों में उन्होंने 22000 कंप्यूटर लगाने की भी घोषणा की। नालंदा परिसर पूरे 34 नगरीय क्षेत्रों में बनाया जायेगा। ITI के जरिये स्कील डेवलपमेंट का कार्य किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने नया रायपुर में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के लिए 85 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, ओलंपिक में पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए राज्य सरकार ने विशेष प्रोत्साहन राशि की घोषणा की गयी है।






















