Balod

CG News : ईंट भट्ठे में हुआ दर्दनाक हादसा पानी टंकी में दबने से दो महिला मजदूरों की मौत, एक मासूम गंभीर घायल

बालोद : डौंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत चिखली में संचालित एक ईंट भट्ठे में गुरुवार की सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया। ईंट भट्ठे में कार्यरत दो महिला मजदूरों की पानी टंकी की मिट्टी धंसने से दबकर मृत्यु हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक छोटा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मासूम को तत्काल स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

मृतक दोनों महिलाएं बलौदाबाजार जिले की रहने वाली बताई जा रही हैं, जो अपने परिवार सहित रोजी-रोटी की तलाश में चिखली स्थित ईंट भट्ठे में मजदूरी करने आई थीं। हादसे के समय वे भट्ठे परिसर में कार्यरत थीं, तभी अचानक पानी टंकी की मिट्टी का हिस्सा धंस गया और तीनों उसमें दब गए।

श्रम कानूनों की धज्जियाँ उड़ाने के आरोप

स्थानीय लोगों और मजदूरों का कहना है कि ईंट भट्ठा संचालक लंबे समय से बिना किसी उचित सुरक्षा व्यवस्था और श्रम कानूनों के पालन के अपने व्यवसाय का संचालन कर रहा था।

  • मजदूरों के पास सुरक्षा उपकरण नहीं थे,कार्यस्थल पर निरीक्षण या निगरानी का अभाव था,और भट्ठे में काम कर रहे अधिकांश मजदूर अपने छोटे बच्चों को भी साथ लाकर रहने को मजबूर थे।
  • गंभीर बात यह है कि प्रशासन को भी मजदूरों के पहुंचने की जानकारी नहीं थी। न तो मजदूरों का पंजीयन था और न ही भट्ठा श्रमिकों की सुरक्षा से संबंधित कोई व्यवस्था।
  • ग्रामीणों का आरोप है कि भट्ठा मालिक द्वारा श्रम कानूनों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

पुलिस–प्रशासन और माइनिंग विभाग की टीम जांच में जुटी

हादसे की खबर मिलते ही डौंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को मलबे से बाहर निकाला। दोनों शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। इसके अलावा, कुछ ही देर में पुलिस विभाग, प्रशासनिक अधिकारीऔर माइनिंग विभाग की टीमभी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू करने वाली है। प्रभारी अधिकारियों ने कहा है कि जांच के बाद जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भट्ठा संचालक के पास कई आवश्यक दस्तावेज और सुरक्षा अनुपालन पूरे नहीं थे।

ग्रामीणों में आक्रोश, पीड़ित परिवारों को मुआवजे की मांग

हादसे के बाद चिखली गांव में गम और आक्रोश का माहौल है। गांव वालों ने प्रशासन से

  • मृतक मजदूरों के परिजनों को उचित मुआवजा,
  • घायल मासूम के इलाज की पूर्ण व्यवस्था,
  • तथा भट्ठा संचालक पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता, तो यह हादसा टल सकता था।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक तथ्यों से सुरक्षा लापरवाही और श्रम कानूनों का उल्लंघन स्पष्ट दिखाई दे रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ईंट भट्ठा संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि प्रदेश के कई इलाकों में बिना पंजीकरण और सुरक्षा प्रबंधन के चल रहे ऐसे ईंट भट्ठे मजदूरों की जिंदगी से किस तरह खिलवाड़ कर रहे हैं।

What's your reaction?

Related Posts

1 of 5