सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दर्दनाक और चिंताजनक घटना सामने आई है। बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के महोरा एनीकेट में नहाने गए दो छात्र युवक अचानक गहरे पानी में चले जाने के बाद लापता हो गए। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अपने 5 से 7 दोस्तों के साथ एनीकेट में नहाने के लिए गए थे। गर्मी के कारण सभी युवक नहाने के इरादे से पानी में उतरे थे।
इसी दौरान दो युवक अनजाने में एनीकेट के उस हिस्से में चले गए, जहां पानी काफी गहरा था। तैरना न आने या पानी की गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण वे खुद को संभाल नहीं पाए और देखते ही देखते पानी में डूब गए। घटना के वक्त साथ मौजूद दोस्तों ने जब दोनों को डूबते देखा तो उन्होंने शोर मचाया और उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी गहरा होने और तेज बहाव के कारण वे असफल रहे। कुछ ही पलों में दोनों युवक पानी में लापता हो गए।
इस भयावह दृश्य को देखकर बाकी दोस्त घबरा गए और तुरंत घर वालों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। बिश्रामपुर थाना पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए मौके पर पहुंची। इसके साथ ही DDRF (डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) की टीम को भी रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। पुलिस और DDRF की संयुक्त टीम द्वारा एनीकेट और आसपास के क्षेत्र में सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
गोताखोरों की मदद से पानी के भीतर युवकों की तलाश की जा रही है। हालांकि, एनीकेट में पानी की अधिक गहराई और मटमैले पानी के कारण रेस्क्यू कार्य में कठिनाइयां आ रही हैं। घटना की खबर फैलते ही महोरा और आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में एनीकेट के पास जमा हो गए। मौके पर भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है, ताकि रेस्क्यू कार्य में किसी तरह की बाधा न आए। वहीं प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।






















