सरगुजा : सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। धान बोनस की राशि निकालकर घर लौट रही एक युवती से बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने 38 हजार रुपये से भरा बैग छीन लिया। वारदात के दौरान हुई छीना-झपटी में युवती स्कूटी से गिरकर घायल भी हो गई। घटना के बाद आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो गए।
बैंक से पैसे निकालकर लौट रही थी युवती
जानकारी के अनुसार ग्राम अमलभिट्ठी महादेवपारा निवासी 24 वर्षीय सविता सिंह बुधवार दोपहर अपने भाई आशीष सिंह और दादा आनंदी राम सिंह के साथ जिला सहकारी बैंक, लखनपुर पहुंची थी। बैंक से उसने धान विक्रय बोनस के रूप में प्राप्त 38 हजार रुपये अपने खाते से निकाले थे।राशि निकालने के बाद तीनों एक ही स्कूटी से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 12:45 बजे वे अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चंदनई नदी के पास अटल परिसर चौक के करीब पहुंचे ही थे कि पीछे से बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक उनके पास आ गए।
चलते वाहन से छीना रुपयों से भरा बैग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक के पीछे बैठे युवक ने अचानक युवती के हाथ में मौजूद बैग झपट लिया। बैग में 38 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। अचानक हुई इस वारदात से युवती संतुलन खो बैठी और स्कूटी से गिर गई, जिससे उसे चोटें आईं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पीड़ित परिवार लखनपुर थाने पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया।पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने बैंक से ही युवती की गतिविधियों पर नजर रखी थी और रकम निकालने के बाद उसका पीछा करते हुए सुनसान स्थान पर वारदात को अंजाम दिया।
बदमाशों की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं धान बोनस की पूरी राशि लुट जाने से पीड़ित युवती और उसके परिजन सदमे में हैं।























