कोरबा : जिले के बाकी मोगरा थाना क्षेत्र में हुए राजमिस्त्री तिरिथ राम यादव की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की तो थोड़ी देर बाद ही पता चल गया कि तिरिथ राम की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके बेटे ने ही की है। बता दें कि तिरिथ राम यादव पर देर रात धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
मृतक तिरिथ राम यादव परिवार में अकेले कमाने वाले थे। 49 वर्षीय मृतक तिरिथ राम यादव राजमिस्त्री का काम करता था और उसके तीन बच्चे हैं, पत्नी की मौत हो चुकी है इसके बाद से वह रोजी मजदूरी कर अपने घर परिवार को चला रहा था। उसकी एक बेटी की शादी हो गई है, वही छोटी बेटी और एक बड़ा बेटा घर पर साथ रहते हैं। बताया जा रहा है कि मृतक और उसके बेटे के बीच में अक्सर विवाद होता था।
इस घटना के बाद जब डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया, तब सेंट लेकर वह मृतक के बेटे के पास पहुंचा। मृतक के बेटे हिमांशु उर्फ सिक्की यादव की भाव भंगिमा बदल गई। बांकी मोंगरा पुलिस ने मृतक के बेटे को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की तो पता चला है कि वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।






















