कवर्धा : छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में भीड़ की बेरहमी का एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। यहां चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक नाबालिग बैगा बच्चे को पेड़ से बांधकर डंडों से बेरहमी से पीटा। इस अमानवीय घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार मृतक बच्चा कुकदूर थाना क्षेत्र के कुकरापानी गांव का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों को उस पर चोरी का शक था। इसी शक के आधार पर कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कई लोग मिलकर बच्चे को डंडों से मारते नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान बच्चा दर्द से कराहता रहा, लेकिन भीड़ की बेरहमी थमने का नाम नहीं ले रही थी। मारपीट के बाद गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बच्चे की मौत के बाद पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है और कई सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि बच्चे की मौत वास्तव में भीड़ की पिटाई के कारण हुई या फिर घटना की असली सच्चाई को छिपाने की कोशिश की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के सामने आने के बाद इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो मध्यप्रदेश के मंडला जिले के बरखेड़ा इलाके का बताया जा रहा है, हालांकि घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटे हुए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति पर चोरी का शक होने का मतलब यह नहीं है कि उसे इस तरह सजा दी जाए। कानून अपने हाथ में लेना न केवल अपराध है बल्कि इससे किसी की जान भी जा सकती है, जैसा कि इस मामले में देखने को मिला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने की खतरनाक प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






















