रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक नशेड़ी हाथ में धारदार चापड़ लेकर सड़कों पर खुलेआम आतंक मचाने लगा। यह पूरा मामला आजाद नगर के रामकुंड इलाके का है, जहां नशे में धुत एक युवक ने करीब एक घंटे तक मौत का नंगा नाच किया और लोगों को जान से मारने की धमकी देकर दहशत फैला दी।
एक घंटे तक बेखौफ दौड़ता रहा आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक नशे में पूरी तरह धुत था और हाथ में धारदार चापड़ लहराते हुए गलियों में गाली-गलौज कर रहा था। वह दिन-दहाड़े राहगीरों और स्थानीय निवासियों को मारने के लिए उनके पीछे दौड़ रहा था। युवक की इस गुंडागर्दी के कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। करीब एक घंटे तक उत्पात मचाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने शुरू की तलाश
जब युवक यह आतंक मचा रहा था, तब स्थानीय लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक की बेखौफ हरकतें साफ देखी जा सकती हैं। घटना की सूचना मिलते ही आजाद नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वीडियो के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।






















