दंतेवाड़ा : नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर कायराना करतूत करते हुए एक ग्रामीण की हत्या कर दी। बीच गांव में हुए इस हत्या के बाद क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। बताया जा रहा है कि चार साल पहले ही नक्सलियों ने मृतक के बेटे की निर्मम हत्या कर दी थी। उधर इस हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस पार्टी मौके पर पहुंच गयी है। पुलिस मुखबिरी के शक में ग्रामीण की हत्या करने की बात कही जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र मेें सर्चिंग तेज कर दी है।
जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात दंतेवाड़ा के अरनपुर थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि अरनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम निलावाया में बण्डी कोर्राम का परिवार निवास करता है। मंगलवार की रात नक्सलियों की एक टीम गांव पहुंची थी। यहां नक्सलियों ने बण्डी कोर्राम के घर पहुंच पहले तो उसके साथ मारपीट की गयी। इसके बाद नक्सलियों ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। गांव में हुए हत्या की इस वारदात के बाद हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गयी है। पुलिस ने मृतक के शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि नक्सलियों ने इससे पहले मृतक के बेटे हरेंद्र कोर्राम की 4 वर्ष पहले हत्या कर दी थी। बेटे के बाद पिता की हत्या से गांव में दहशत का माहौल है। वहीं इस घटना की जानकारी के बाद सुरक्षाबल के जवानों ने क्षेत्र में सर्चिंग तेज कर दी है।