रायपुर : नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के मामले की जांच के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। खुद को 25 साल की शादीशुदा महिला बताने वाली ओडिशा की महिला की असल उम्र महज 16 साल निकली। इस खुलासे के बाद पुलिस जांच में नया मोड़ आ गया है। जानकारी के मुताबिक, ओडिशा की रहने वाली नाबालिग गर्भवती थी और डिलीवरी के लिए उसे रायपुर लाया गया था। शुरुआत में उसने खुद को 25 वर्षीय शादीशुदा महिला बताया था, लेकिन जांच के दौरान उसकी वास्तविक उम्र 16 साल सामने आई।
शादी का झांसा देकर यौन शोषण की आशंका
पुलिस को आशंका है कि नाबालिग को शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। इसी सिलसिले में पुलिस की टीम ओडिशा के सुंदरगढ़ पहुंची है, जहां नाबालिग के परिजनों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। परिजनों के बयानों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
नवजात खरीद-फरोख्त मामले से जुड़े तारों की भी जांच
पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि नाबालिग को रायपुर लाने के पीछे किन लोगों की भूमिका थी और नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के मामले से उसका क्या संबंध है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि नाबालिग के साथ कथित शोषण कब और किन परिस्थितियों में हुआ। इस पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है। आने वाले दिनों में पूछताछ और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर कई और अहम खुलासे होने की संभावना है।



























