रायपुर : राजधानी में मौसम में बदलाव के बीच स्वाइन फ्लू और कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। 25 जुलाई से अब तक रायपुर में स्वाइन फ्लू के कुल 73 मरीज सामने आए हैं। इनमें से 60 मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 5 मरीज होम आइसोलेशन में हैं और 8 मरीजों का अस्पताल में इलाज जारी है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर है। किसी भी गंभीर स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक तैयारियां पूरी रखने की बात कही गई है।
कोरोना के 4 मामले सामने आए
रायपुर में कोरोना संक्रमण के भी 4 केस दर्ज किए गए हैं। इनमें से 3 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि एक मरीज का उपचार जारी है। स्वास्थ्य विभाग लगातार संक्रमण की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
सर्दी-खांसी को नजर
अंदाज न करेंस्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सर्दी, खांसी, जुकाम या फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर उन्हें नजरअंदाज न करें। ऐसे लक्षण होने पर नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। शहर के प्रमुख अस्पतालों में कोविड-19 की जांच की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराए जाने की जानकारी भी दी गई है।
बदलते मौसम में सावधानी जरूरी
मौसम में बदलाव के बीच वायरल और श्वसन संबंधी संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और लक्षण नजर आने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी ने लोगों से स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों को गंभीरता से लेने और जरूरत पड़ने पर जांच कराने की अपील की है।










































