बलरामपुर : बलरामपुर जिले में ट्रिपल तालाक व प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पत्नी की शिकायत पर अब मामला दर्ज कर दिया गया है। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसे दहेज को लेकर प्रताड़ित किया गया और पारिवारिक विवाद के बाद घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गर्भवती महिला ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता का आरोप है कि विवाह के बाद से उसे दहेज को लेकर लगातार ताने दिए जाते थे। उसने शिकायत में कहा है कि पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों द्वारा उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। महिला का यह भी आरोप है कि तीसरी बार गर्भवती होने पर उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया। जब उसने ऐसा करने से इनकार किया तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे बच्चों सहित घर छोड़ने के लिए मजबूर किया गया। पत्नी का आरोप है कि उसे ट्रिपल तालाक दिया गया वहीं प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
राजपुर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति इश्तेयाक अंसारी, सास और ससुर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पक्षों के बयान लिए जाएंगे और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल प्रकरण जांच के अधीन है।











































