लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज में तीन मंजिला एक कॉमर्शियल बिल्डिंग में भयानक आग लग गई है। बताया जा रहा है कि, बिल्डिंग में आईटी कंपनी का एक कोचिंग सेंटर है। कोचिंग सेंटर में भी भीषण आग लग गई है। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई है। मौके पर फायर ब्रिगेड और पुलिस आ गए हैं पर आग इतनी भयंकर है कि अब तक काबू नहीं पाया जा सका। इस घटना में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने इसकी पुष्टि की है।
इस घटना पर पीएम मोदी और सीएम योगी ने दुख जताया है। मौके पर आग और धुएं के कारण मौतों का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। दमकलकर्मी छत से बिल्डिंग की दीवार तोड़कर अंदर घुसे हैं। बिल्डिंग में आग लगने की खबर सुनकर कोचिंग कर रहे बच्चों के माता-पिता भी पहुंच गए। अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन विभाग को अपराह्न करीब तीन बजे अलीगंज थाना क्षेत्र के उषा मेहता मार्ग पर स्थित एक कोचिंग संस्थान की इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी।
पीएम मोदी ने जताया दुख
वहीं आगजनी की इस घटना पर पीएम मोदी ने भी दुख जताया है और मृतकों एवं घायलों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। पीएम मोदी ने दुःख जताते हुए कहा कि, उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। बचाव कार्य चल रहा है और अधिकारी हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं। PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
अलीगढ़ का दौरा बीच में छोड़कर लखनऊ लौट रहे सीएम योगी
लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में एक इमारत में लगी भीषण आग की घटना का जिक्र करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ का दौरा बीच में छोड़कर लखनऊ रवाना हो गए। 23 जून को उन्हें हाथरस और फिर आगरा जाना था, पर अब इन जगहों के दौरे पर प्रश्न चिन्ह लग गया है।
सीएम योगी ने घटना पर जताया दुख
आगजनी की घटना पर दुख जताते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, लखनऊ में अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।






















