रायगढ़ : जिला जेल में निरुद्ध एक बंदी की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक संजय बघेल की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस एवं जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। घटना को लेकर जिले में तनाव का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, संजय बघेल को तीन दिन पहले अवैध शराब से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल में रहते हुए उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई।
हालांकि परिजनों का आरोप है कि संजय की मौत सामान्य नहीं है, बल्कि जेल के भीतर मारपीट के कारण हुई है। मृतक के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि मामले में एक व्यक्ति को कथित रूप से रिश्वत लेकर छोड़ दिया गया, जबकि संजय को जेल भेजा गया था। उन्होंने संबंधित हवालदार और जेलर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन रायगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की।
वहीं जिला अस्पताल परिसर में भी भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते रहे। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि मृतक का पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कराया जाएगा, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। वहीं पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों का कहना है कि जब तक मामले की न्यायिक जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, वे अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






















