नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 2027 वनडे विश्व कप के प्रोविजनल शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। टूर्नामेंट की शुरुआत 4 अक्टूबर 2027 से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 21 नवंबर 2027 को खेला जाएगा। यह विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होगा।
54 मैचों का होगा टूर्नामेंट
ESPNcricinfo की रिपोर्ट के अनुसार, कुल 54 मैच खेले जाएंगे। इनमें से करीब 41 मैच दक्षिण अफ्रीका के 8 वेन्यू पर होंगे। जिम्बाब्वे के 3 वेन्यू पर 8 से 10 मैच और नामीबिया में 3 मैच आयोजित किए जाएंगे। हालांकि ICC की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि बाकी है, जो जुलाई में एडिनबर्ग में होने वाली वार्षिक आम बैठक में हो सकती है।
14 टीमें भाग लेंगी
2027 वनडे विश्व कप में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। दोनों ग्रुप की टॉप-3 टीमें सुपर-6 स्टेज में पहुंचेंगी। 2023 विश्व कप की तुलना में इस बार 4 अतिरिक्त टीमें खेलेंगी।
24 साल बाद अफ्रीका में लौटेगा वनडे विश्व कप
दक्षिण अफ्रीका में आखिरी बार 2003 में वनडे विश्व कप खेला गया था। उसके बाद अफ्रीका महाद्वीप में 2007 टी20 विश्व कप, 2009 चैंपियंस ट्रॉफी और 2023 महिला टी20 विश्व कप का आयोजन हो चुका है। 2027 का टूर्नामेंट अफ्रीका में वनडे विश्व कप की वापसी का प्रतीक होगा।
ऑस्ट्रेलिया है डिफेंडिंग चैंपियन
2023 वनडे विश्व कप भारत में खेला गया था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में भारत को 6 विकेट से हराकर खिताब जीता था। कंगारू टीम अब 2027 में अपना खिताब बचाने के इरादे से उतरेगी।






















