नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4,399 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। इसके साथ ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के 12 वर्ष भी पूरे हो गए हैं।
भारत मंडपम में जुटेंगे एनडीए नेता
इस अवसर पर नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में एनडीए की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के वरिष्ठ नेता, एनडीए शासित 22 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री तथा गठबंधन सहयोगी दलों के प्रमुख नेता शामिल हुए।
मोदी को बधाई देने वाला प्रस्ताव संभव
सूत्रों के अनुसार बैठक में एक विशेष प्रस्ताव पारित किए जाने की संभावना है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी को पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पार करने और भारतीय राजनीति में नया इतिहास रचने पर बधाई दी जाएगी।
नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा
बता दें कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू वर्ष 1947 से 1952 तक वे अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में कार्यरत थे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 से लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।
इंदिरा गांधी का कार्यकाल लंबा, लेकिन लगातार नहीं
हालांकि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का कुल कार्यकाल 14 वर्ष से अधिक रहा था, लेकिन उनका कार्यकाल निरंतर नहीं था। इस कारण मोदी अब भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए हैं।
सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा
बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री और एनडीए के प्रमुख सहयोगी दलों के नेता मौजूद रहे। बैठक में केंद्र सरकार की उपलब्धियों, सुशासन से जुड़ी पहलों, विकास कार्यक्रमों तथा भविष्य की नीतिगत प्राथमिकताओं पर चर्चा होने की उम्मीद है।
आगामी चुनावों पर भी रहेगा फोकस
राजनीतिक दृष्टि से भी यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, संगठनात्मक रणनीति और चुनावी चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श किया जा सकता है। विभिन्न राज्यों में पार्टी के विस्तार और चुनावी रणनीति को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।























