Kanker

CG News : अफसरों को फोन लगाती रही विधायक, नहीं हुआ रिसीव, तो आधी रात खुद ही छापा मारने पहुंच गई, मचा हड़कंप

कांकेर : जिले के चारामा विकासखंड स्थित हराडूला रेत खदान में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ देर रात बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी ने आधी रात अचानक रेत खदान पर पहुंचकर छापेमार कार्रवाई की, जहां अवैध खनन में लगे 5 हाइवा और एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त किया गया।

जानकारी के अनुसार, विधायक को क्षेत्र में अवैध रेत खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। देर रात हराडूला रेत खदान में बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन की सूचना मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कथित तौर पर किसी अधिकारी ने फोन रिसीव नहीं किया।

अधिकारियों ने नहीं उठाया फोन, खुद पहुंचीं विधायक

विधायक सावित्री मंडावी ने आरोप लगाया कि सूचना मिलने के बाद उन्होंने कई जिम्मेदार अधिकारियों को फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अवैध खनन में लगे वाहनों एवं मशीनों पर कार्रवाई कराई।

मौके से 5 हाइवा और मशीन जब्त

छापेमारी के दौरान खदान क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन और उत्खनन में लगे 5 हाइवा तथा एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त किया गया। इसके बाद संबंधित विभागों को मामले की जानकारी देकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कराई गई।

अवैध खनन बर्दाश्त नहीं होगा : विधायक

मौके पर विधायक ने स्पष्ट कहा कि उनकी विधानसभा में अवैध रेत खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को भी अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए।

प्रशासनिक निगरानी पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से रात के समय अवैध रेत खनन जारी है। कई बार शिकायतों के बावजूद रेत माफिया सक्रिय रहते हैं। ऐसे में विधायक की इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक निगरानी और खनन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

आगे की कार्रवाई जारी

फिलहाल जब्त वाहनों और मशीनों के संबंध में दस्तावेजों की जांच की जा रही है। संबंधित विभाग पूरे मामले की पड़ताल कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटे हुए हैं।

What's your reaction?

Related Posts

CG News : मॉर्निंग वॉक पर निकले शिक्षक रहस्यमय ढंग से लापता, 48 घंटे बाद भी नहीं मिला कोई सुराग, पुलिस भी कर रही तलाश

कांकेर : कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र से एक शिक्षक के रहस्यमय तरीके से लापता…

1 of 6