मुरैना:- मध्यप्रदेश से एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बदमाश इंसानों नहीं, बल्कि भैंसों की “किडनैपिंग” कर रहे हैं बदले में मोटी फिरौती मांगी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला मुरैना जिले के सुमावली थाना क्षेत्र का है। जहां बदमाशों ने अपराध का नया ट्रेंड निकाला है। बताया जा रहा है कि MP-राजस्थान बॉर्डर पर पशु अपहरण गिरोह सक्रिय हो गया है। यहां तबेले से भैंस चोरी करते हैं, फिर उनके मालिकों से संपर्क कर पैसे की मांग करते हैं। हैरानी की बात ये है कि ये पूरी वसूली बिचौलियों के जरिए करवाई जा रही है। जिससे बदमाश आसानी से पुलिस की नजरों से बच निकलते हैं।
हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग खुद ही जंगलों में जाकर अपनी भैंसों की तलाश करने को मजबूर हैं। इतना ही नहीं, कई पशुपालकों को पुलिस में शिकायत करने पर धमकियां भी मिली हैं। सुमावली थाना क्षेत्र के पास तो कुछ पीड़ितों को अपनी भैंसें छुड़ाने के लिए फिरौती तक देनी पड़ी।





















