उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के देवरिया में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर एक युवती ने प्रेम प्रसंग के विवाद में कीटनाशक पी लिया। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवती को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती का अपने ही गांव के एक युवक के साथ पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध था और करीब दो महीने पहले दोनों ने मंदिर में शादी भी कर ली थी, लेकिन युवक के परिवार के विरोध के बाद स्थिति बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि युवक के पिता को शादी की जानकारी मिलने पर उन्होंने कड़ा विरोध किया, जिसके बाद युवक ने युवती को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया और बाद में फरार हो गया। इससे आहत युवती गुरुवार को शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंची थी, लेकिन शिकायत दर्ज कराने से पहले ही उसने परिसर के बाहर कीटनाशक पी लिया।
सीओ सिटी संजय रेड्डी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया गया और अब उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। मामले में युवती की मां की तहरीर पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की जांच में जुटी है। इससे पहले दोनों पक्षों के बीच थाने में पंचायत भी कराई गई थी और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 151 के तहत कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन युवक के फरार होने के बाद विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच जारी है।






















