बिलासपुर : जिन कुत्तों को दौड़ा-दौड़ाकर शिक्षा विभाग ने शिक्षकों से गिनवाया था, उनकी कुंडली तैयार करवाई थी, उन्ही कुत्तों का डर अब शिक्षकों को सताने लगा है। बदला लेने को आतुर दिख रहे कुत्तों से खौफजदा शिक्षा विभाग अब जिला प्रशासन की शरण में पहुंच गया है। शिक्षा विभाग ने जिला प्रशासन को त्राहिमाम भेजकर, कुत्तों के खौफ से निजात दिलाने की गुहार लगायी है।
बिलासपुर के जिला शिक्षा अधिकारी ने बिलासपुर के जिला पंचायत CEO को पत्र भेजकर कुत्तों और अन्य जानवरों से शिक्षकों और छात्रों से सुरक्षित करने की फरियाद की है। ये पत्र शिक्षा विभाग ने उस घटना के बाद भेजा है, जब बिलासपुर में स्कूल में घुसकर कुत्ते ने शिक्षकों और बच्चों को हमला कर दिया था, जिसमें दो शिक्षक और स्कूली बच्चे घायल हो गये थे। विभाग को डर है कि ऐसी घटना की पुनरावृति हो सकती है।
जिला पंचायत सीईओ को भेजे पत्र में डीईओ ने कहा है कि, आये दिन ऐसा देखा जा रहा है कि स्कूलों के आसपास कुत्तों व अन्य जानवरों का डेरा रहता है। पत्र में कहा गया है कि ये कुत्ते उग्र होकर शिक्षकों और बच्चों पर हमला कर रहे हैं। जिनसे बचाव करना जरूरी है। डीईओ ने अनुरोध किया है कि कुत्तों और अन्य जानवरों से छात्र-चात्रों की सुरक्षा करने के लिए कुत्तों को स्कूल के परिसर से पकड़कर दूसरे जगह पर भेजा जाये।



























