उज्जैन : उज्जैन में भारत की जीत का जश्न मनाने के दौरान देर रात विवाद हो गया। घटना राज रॉयल कॉलोनी की बताई जा रही है, जहां पटाखे फोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। जानकारी के अनुसार रविवार रात कॉलोनी के कुछ लोग भारत की जीत का जश्न मनाते हुए पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान कॉलोनी में रहने वाले दूसरे पक्ष के कुछ युवकों ने पटाखों को लेकर आपत्ति जताई।
बात बढ़ने पर आरोप है कि युवकों ने डंडे लेकर हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं मामला चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र का होने के कारण रहवासी थाने पहुंचे, घायल मनीष मेहेरेले और रविंद्र सिंह हाड़ा ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ भी मारपीट की और मेडिकल कराने से पहले करीब एक घंटे तक थाने में बैठाए रखा। वही दूसरे पक्ष के कुछ लोग भी अस्पताल पहुंचकर भर्ती हुए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






















