अलमोड़ा : भाजपा नेताओं के तारे गर्दिश में चल रहे हैं, आए दिन उनके विवादित वीडियो सामने आ रहे हैं। लेकिन इस बार भाजपा सरकार की महिला मंत्री के पति का विवादित वीडियो वायरल हो रहा है, जिसको लेकर पूरा बिहार हिल गया है। महिला मंत्री के पति के इस बयान पर बिहार के राजनीति दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
20 हजार रुपए में लड़की
दरअसल पुष्कर सिंह धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में ये कहते सुना जा सकता है कि “बिहार में 20–25 हजार रुपये में लड़कियां मिल जाती हैं, कुंवारों के लिए बिहार से लड़कियां लेकर आएंगे।” बताया जा रहा है कि यह वीडियो अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्याहीदेवी मंडल में आयोजित एक कार्यक्रम का है, जहां 23 दिसंबर को साहू ने शिरकत की थी।
सियासी गलियारे में बवाल
इस टिप्पणी के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। बड़ी संख्या में लोग वीडियो को साझा करते हुए साहू की मानसिकता पर सवाल उठा रहे हैं और इसे महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बता रहे हैं। मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। गिरधारी लाल के इस बयान पर आरजेडी ने भी उनकी कड़ी आलोचना की है।
आरजेडी ने लिया आड़े हाथ
आरजेडी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा है कि ””लड़की बिहार से ले आएंगे! बिहार में ₹20-25 हजार में ही मिल जाती है!” भाजपाइयों और संघियों की बिहार की महिलाओं के बारे में ऐसी घृणित सोच है! इस पर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का भाजपा की ओर से स्पष्टीकरण आना चाहिए! पर बिहार भाजपा, जेडीयू और समस्त BJP के नेताओं के मुंह पर अब ताला लग जाएगा! उत्तराखंड सरकार में मंत्री रेखा आर्या के बेशर्म पति गिरधारी लाल भारतीय जनता पार्टी की बिहार की महिलाओं पर सोच को जाहिर कर रहा है।






















