देवरिया : उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक होटल के अंदर चल रहे गोरखधंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। होटल में छापेमारी के दौरान ऐसा नजारा सामने आया, जिसे देखकर अफसरों के भी होश उड़ गए। यहां कमरा बुक करते ही ग्राहकों को डिमांड पर लड़कियां उपलब्ध कराई जाती थीं।
मुखबिर की सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि देवरिया-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैतालपुर कस्बे के पास स्थित एक होटल में देह व्यापार का धंधा चल रहा है। बताया गया कि ग्राहकों को फोटो दिखाकर लड़कियों का चयन कराया जाता था। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने स्थानीय पुलिस को दरकिनार कर सुरौली थाने की टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए।
छापेमारी में सामने आया शर्मनाक सच
पुलिस टीम ने होटल पर अचानक छापा मारा, जहां 7 युवक और 7 युवतियां आपत्तिजनक हालत में मिले। मौके से कई आधार कार्ड, आपत्तिजनक सामान, 5 बाइक और एक कार बरामद की गई। पुलिस ने होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए युवक-युवतियां गोरखपुर, बहराइच, देवरिया समेत कई जिलों के निवासी हैं। यह गिरोह पिछले कई महीनों से होटल की आड़ में देह व्यापार का धंधा चला रहा था।
चौंकाने वाली बात – चौकी के पास चलता रहा धंधा
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरा सेक्स रैकेट बैतालपुर पुलिस चौकी से महज कुछ दूरी पर बेखौफ चल रहा था, लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने सभी पकड़े गए युवक-युवतियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और इसमें किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।
एसपी की सतर्कता से सेक्स रैकेट का खुलासा
इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक को मिली सटीक सूचना के चलते संभव हो सका। इसी वजह से कार्रवाई के लिए अलग थाने की फोर्स लगाई गई, जिससे बिना किसी लीक के बड़ी सफलता हाथ लगी।






















