कोंडागांव : छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया, यहां केशकाल थाना क्षेत्र के कुएंमारी के पास शादी समारोह से लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
शादी की खुशियां बदलीं चीख-पुकार में
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चेरबेड़ा निवासी 20 से अधिक ग्रामीण एक शादी समारोह में शामिल होने बटराली गए थे। देर रात करीब 1 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी कुएंमारी के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।






















