रायपुर : छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने उज्बेकिस्तान की दो महिला नागरिकों के मामले में महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए उनके स्वदेश लौटने का रास्ता साफ कर दिया है। अदालत ने केंद्र और राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर दोनों महिलाओं को शीघ्र उनके देश भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाए। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति बी. रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ ने इस संबंध में दायर बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका की सुनवाई करते हुए कहा कि जब सभी संबंधित पक्ष निर्वासन की प्रक्रिया पर सहमत हैं, तब मामले में किसी अतिरिक्त न्यायिक हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं है।
मामला उज्बेकिस्तान की नागरिक फेरूजा सबिरोवा और दिनोरा सफ्युतदिनोवा से जुड़ा है। दोनों महिलाओं की ओर से दायर याचिका में कहा गया था कि वे कई महीनों से रायपुर स्थित डिटेंशन सेंटर में रह रही हैं और उन्हें जल्द अपने देश भेजने की व्यवस्था की जाए। याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता शांतम पाटिल ने अदालत को बताया कि दोनों महिलाओं को जनवरी से हिरासत में रखा गया है और बाद में केंद्रीय जेल परिसर स्थित डिटेंशन सेंटर में स्थानांतरित कर दिया गया।
दरअसल, कुछ महीने पहले तेलीबांधा क्षेत्र के एक होटल में पुलिस जांच के दौरान दोनों विदेशी नागरिकों की दस्तावेज संबंधी स्थिति संदेह के घेरे में आई थी। जांच में एक महिला का वीजा अवधि समाप्त होना पाया गया, जबकि दूसरी के पास आवश्यक यात्रा दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने विदेशी नागरिकों से संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। सुनवाई के दौरान उज्बेकिस्तान दूतावास ने भी अदालत को बताया कि वह दोनों महिलाओं की वापसी के लिए आवश्यक सहयोग देने को तैयार है। दूतावास ने यात्रा संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने और प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने का भरोसा दिया। वहीं केंद्र और राज्य सरकार की ओर से भी अदालत को अवगत कराया गया कि निर्वासन की प्रक्रिया पहले से जारी है और आवश्यक मंजूरियां प्राप्त की जा रही हैं। सभी पक्षों की सहमति और प्रक्रिया की प्रगति को देखते हुए हाईकोर्ट ने याचिका का निपटारा कर दिया। अब संबंधित एजेंसियां यात्रा दस्तावेज, इमिग्रेशन क्लीयरेंस और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने में जुट गई हैं। अधिकारियों के अनुसार प्रक्रिया पूर्ण होते ही दोनों महिलाओं को उनके देश उज्बेकिस्तान वापस भेज दिया जाएगा।























