Mungeli

CG News : स्कूल पर कर लिया कब्जा, प्रिंसिपल को धमकाया, रेम्बो मेमोरियल स्कूल विवाद गहराया, पुलिस को शिकायत

मुंगेली : मुंगेली जिला मुख्यालय स्थित रेम्बो मेमोरियल इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंड्री स्कूल इन दिनों गंभीर विवादों के चलते सुर्खियों में है। स्कूल प्रबंधन से जुड़े लोगों ने कुछ व्यक्तियों पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर स्कूल पर अवैध कब्जा करने, प्राचार्य कक्ष का ताला तोड़ने, मारपीट करने और लाखों रुपये के गबन का आरोप लगाया है। मामले को लेकर स्कूल परिसर और अभिभावकों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं, स्कूल में पढ़ने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं के भविष्य को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, रेम्बो मेमोरियल इंग्लिश मीडियम स्कूल का संचालन “छत्तीसगढ़ डायोसिस बोर्ड ऑफ एजुकेशन” संस्था द्वारा किया जाता है। संस्था के सचिव नितिन लारेंस ने आरोप लगाया है कि पिछले कुछ महीनों से संदीप लाल, उनकी पत्नी संगीता लाल और उनके सहयोगियों ने जबरन स्कूल परिसर में कब्जा कर लिया है। आरोप है कि स्कूल की नियमित प्राचार्य सोफिया जे. हैरिसन की अनुपस्थिति में प्राचार्य कक्ष का ताला तोड़ दिया गया और कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर संगीता लाल खुद को स्कूल की प्राचार्य घोषित कर बैठीं।

संस्था के सचिव ने यह भी आरोप लगाया कि जब प्राचार्य सोफिया जे. हैरिसन स्कूल पहुंचीं तो उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और संबंधित पक्षों के बीच विवाद और गहरा गया है। मामले में सबसे गंभीर आरोप स्कूल फीस और अन्य वित्तीय अनियमितताओं को लेकर लगाए गए हैं। संस्था के सचिव नितिन लारेंस का कहना है कि स्कूल में पढ़ने वाले एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं से पिछले सात महीनों में जमा की गई फीस की राशि स्कूल के अधिकृत बैंक खाते में जमा नहीं कराई गई।

आरोप है कि फीस की रकम का दुरुपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं के भविष्य निधि (पीएफ) की राशि जमा नहीं करने का भी आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि शिक्षकों के वेतन को बैंक खाते के बजाय नगद भुगतान किया जा रहा है। संस्था का दावा है कि भविष्य निधि और अन्य मदों की राशि रोककर रखी गई है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान हो सकता है। इतना ही नहीं, स्कूल वाहनों के पेट्रोल बिल और वाहनों की किस्तों का भुगतान नहीं किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।

संस्था के अनुसार, इन सभी मदों की करीब 16 लाख रुपये की राशि का हिसाब स्पष्ट नहीं है और स्कूल के पैसों का गबन किया गया है। स्कूल में चल रहे इस विवाद का असर अब बच्चों और अभिभावकों पर भी दिखाई देने लगा है। अभिभावकों में बच्चों की पढ़ाई और स्कूल के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ रही है। कई अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में लगातार हो रहे विवाद से शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। संस्था के सचिव नितिन लारेंस ने बताया कि पूरे मामले की लिखित शिकायत थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में की जा चुकी है,

लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो संस्था के सदस्य और समर्थक स्कूल परिसर के सामने आमरण अनशन शुरू करेंगे।

What's your reaction?

Related Posts

1 of 2