रायपुर : रायपुर में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव ने अधिकारियों और ठेकेदारों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने साफ कहा कि परफॉर्मेंस गारंटी के तहत बनी सड़कें खराब मिलने पर सिर्फ ठेकेदार ही नहीं, संबंधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में आयोजित बैठक में डिप्टी सीएम ने विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रशासकीय स्वीकृति मिलते ही तकनीकी स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कर काम शुरू किया जाए। अरुण साव ने अधिकारियों को फील्ड में उतरकर सड़कों और पुल-पुलियों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राथमिकता वाली सड़कों का हर सप्ताह निरीक्षण किया जाए और जहां सड़कें खराब हैं वहां ठेकेदारों से तुरंत मरम्मत कराई जाए, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।
बैठक में उन्होंने विभाग की कार्यशैली में बदलाव पर जोर देते हुए कहा कि मुख्य अभियंता कार्यालय कॉर्पोरेट ऑफिस की तरह दक्षता और जवाबदेही के साथ काम करें। साथ ही सड़क निर्माण में गुणवत्ता, सड़क सुरक्षा और तय समय सीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा। डिप्टी सीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि वर्षों तक लंबित रहने वाले निर्माण कार्य विभाग की छवि खराब करते हैं, इसलिए हर परियोजना समय-सीमा के भीतर पूरी होनी चाहिए। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न संभागों के मुख्य अभियंता मौजूद रहे।





















