जांजगीर-चांपा : वार्ड नंबर 16 में शनिवार देर शाम एक पुराने विवाद को लेकर दो पड़ोसी युवकों के बीच खूनी झड़प हो गई। मामूली बहस के बाद आरोपी युवक ने अपने ही पड़ोसी पर चाकू से वार कर दिया, जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, घायल युवकों की पहचान आकाश यादव और राकेश यादव के रूप में हुई है, दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि लगभग एक माह पहले दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद सीटी कोतवाली थाना में काउंटर केस भी दर्ज हुआ था। शनिवार को आरोपी शिवम यादव ने केस वापस लेने की बात को लेकर आकाश पर हमला कर दिया। चाकू लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवम यादव को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने क्या कहा
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। पुराने विवाद के कारण यह हमला हुआ है। घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।






















