Durg

CG : शिक्षिका के लुटेरे दूल्हे पर नया खुलासा शिक्षिका ही नहीं डाक्टर से भी की थी शादी, चार शादियां, पांच बच्चों का पिता फर्जी प्रोफाइल

दुर्ग : सरकारी स्कूल शिक्षिका से शादी कर लाखों रुपये और कीमती जेवरात हड़पने वाले गुजरात के 55 वर्षीय आरोपी बिरेन कुमार सोलंकी उर्फ बिरेन झाला के मामले में दुर्ग पुलिस ने कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने न केवल एक से अधिक शादियां कीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से महिलाओं को भावनात्मक और आर्थिक रूप से ठगता रहा। इस पूरे मामले में उसकी चौथी पत्नी, जो गुजरात की एक सरकारी डॉक्टर है, की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।

पीड़िता शिक्षिका के अनुसार, मई 2023 में उसकी शादी बिरेन सोलंकी से हुई थी। शादी के समय बिरेन ने खुद को अविवाहित बताते हुए गुजरात के बलसाड जिले के धरमपुर पिण्डवल का निवासी बताया था। शादी के महज एक महीने बाद ही बिरेन ने गुजरात की एक सरकारी डॉक्टर से चौथी शादी कर ली। हैरानी की बात यह है कि डॉक्टर को पहले से जानकारी थी कि बिरेन की शादी दुर्ग की शिक्षिका से हो चुकी है, इसके बावजूद उसने उससे विवाह किया।

पीड़िता का आरोप है कि बिरेन चौथी शादी के बाद गुजरात में उसी सरकारी डॉक्टर के साथ रहने लगा और लगातार उससे पैसे ऐंठता रहा। शिक्षिका के मुताबिक, आरोपी की चौथी पत्नी इस पूरे आर्थिक शोषण में उसका पूरा साथ दे रही थी। जब शिक्षिका ने विरोध किया तो बिरेन ने गाली-गलौज कर उससे रिश्ता तोड़ दिया और साफ शब्दों में कहा कि अब वह केवल सरकारी डॉक्टर को ही अपनी पत्नी मानता है। जांच में यह भी सामने आया है कि बिरेन सोलंकी पहले भी दो शादियां कर चुका था।

उसकी पहली पत्नी जसरतबा है, जिससे उसने तलाक नहीं लिया, जबकि दूसरी पत्नी सुधा से उसका तलाक हो चुका है। इसके बाद उसने तीसरी शादी दुर्ग की शिक्षिका से की और फिर चौथी शादी सरकारी डॉक्टर से कर ली। चौथी शादी के बाद 3 मार्च 2024 को आरोपी आईवीएफ के माध्यम से जुड़वां बच्चों का पिता बना। इस तरह वह चार शादियां कर पांच बच्चों का पिता है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने 2020 में मकान खरीदने का झांसा देकर उससे लगातार पैसे मंगवाए।

उसने वादा किया था कि मकान बाद में शिक्षिका के नाम कर देगा। 2021 से 2024 के बीच आरोपी ने यूपीआई और बैंक ट्रांसफर के जरिए करीब 18 लाख रुपये, अलग-अलग मौकों पर लगभग 5 लाख रुपये नकद और सोने के जेवर गिरवी रखकर 1.3 लाख रुपये का गोल्ड लोन भी लिया, जिसकी किस्तें आज भी शिक्षिका भर रही है। इसके अलावा वर्ष 2024 में आरोपी दुर्ग स्थित शिक्षिका के घर से करीब 12 लाख रुपये के जेवरात और मोबाइल फोन चोरी कर गुजरात फरार हो गया।

पीड़िता ने जब अपने पैसे और मकान के पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने साफ कह दिया कि वह गुजरात के भुज में मकान बेच चुका है और जेवरात भी बेच दिए हैं। दुर्ग पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी बिरेन सोलंकी को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी मैट्रिमोनियल साइट्स पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर खुद को बड़े पद और प्रतिष्ठित नौकरी में बताता था और इसी तरीके से महिलाओं को जाल में फंसाता था।

What's your reaction?

Related Posts

CG Sex Racket : रायगढ़ के बाद …. इस शहर के इस नामी होटल में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, पुलिस के पहुंचते ही मचा हड़कंप

दुर्ग : छत्तीसगढ़ में देह व्यापार का गोरखधंधा लगातार फल फूल रहा है। प्रदेश में एक…

1 of 12