रायपुर : रायपुर में साल 2021 में हुए सनसनीखेज शकुंतला देवी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी अजय कुमार को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है। 21 मार्च 2026 को अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने उसे दबोचा, जिसके बाद रायपुर पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लाने की तैयारी में है।आरोपी अजय कुमार कोई साधारण अपराधी नहीं है। वह कई नामों से पहचान छिपाकर रह रहा था—अजय कुमार उर्फ लक्ष्मीसागर उर्फ राजनारायण मिश्रा—और अहमदाबाद का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर भी बताया जा रहा है।
क्या था पूरा मामला?
यह घटना अक्टूबर 2021 की है, जब रायपुर के पटेल चौक स्थित एक बंद मकान में शकुंतला देवी का शव संदिग्ध हालात में मिला था। शुरुआती जांच में मामला हत्या का निकला, जिसके बाद पुलिस ने गहराई से पड़ताल शुरू की।तफ्तीश में सामने आया कि शकुंतला देवी का अपने बड़े बेटे के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद को सुलझाने के लिए उन्होंने अपने छोटे बेटे के साथ मिलकर अजय कुमार से संपर्क किया था, जो पहले उनके बेटे का परिचित रह चुका था।
भरोसे का फायदा उठाकर रची साजिश
अजय कुमार और शकुंतला के छोटे बेटे अमित पहले एक अस्पताल में साथ काम कर चुके थे। इसी भरोसे के आधार पर अमित ने विवाद सुलझाने के लिए अजय को 4 लाख रुपए दिए, जिसमें 10 हजार रुपए एडवांस के तौर पर दिए गए थे। लेकिन अजय पैसे लेकर गायब हो गया। जब शकुंतला देवी उसे खोजते हुए उसके गांव तक पहुंचीं, तो आरोपी ने बदला लेने की ठान ली।
हत्या और लूट की वारदात
योजना के तहत अजय अपने साथी केतन उर्फ केटी के साथ रायपुर पहुंचा और शकुंतला देवी के घर पर ही ठहर गया। मौका मिलते ही दोनों ने महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी।हत्या के बाद आरोपी ने घर से करीब 10 लाख रुपए नकद और 30 से 35 तोला सोना लूट लिया।
पहचान छिपाने के लिए अपनाए कई हथकंडे
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने लूटा हुआ सोना उत्तर प्रदेश के कौशांबी में एक सराफा व्यापारी को बेच दिया था। खुद को पकड़ से दूर रखने के लिए उसने मोबाइल फोन, पैन कार्ड और आधार कार्ड का इस्तेमाल पूरी तरह बंद कर दिया था।वह लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा—पहले गोवा, फिर अहमदाबाद और बाद में मुंबई में छिपकर रह रहा था।अहमदाबाद में गिरफ्तारी के बाद रायपुर पुलिस टीम वहां पहुंच चुकी है। आरोपी को जल्द ही ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया जाएगा, जहां उससे पूछताछ कर इस हत्याकांड के हर पहलू का खुलासा किया जाएगा।






















