कवर्धा : छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और गंभीर घटना सामने आई है, जिसने पूरे राजनीतिक और सामाजिक हलकों में सनसनी फैला दी है। महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष गंगोत्री योगी पर उनके ही सगे भाई द्वारा हंसिए से ताबड़तोड़ हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस हमले में गंगोत्री योगी के सिर, हाथ, पीठ, गाल और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें कवर्धा के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
पारिवारिक विवाद बना हमले की वजह
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 27 जनवरी की शाम पिपरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव की है। बताया गया कि गंगोत्री योगी एक पारिवारिक कार्यक्रम में अपने बड़े भाई नेम नाथ योगी के घर गई हुई थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर नेम नाथ योगी और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।परिवार में झगड़ा बढ़ता देख गंगोत्री योगी ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन यह बात आरोपी भाई को नागवार गुज़री और वह आपा खो बैठा। गुस्से में आकर उसने पास में रखा सब्जी काटने वाला हंसिया उठाया और गंगोत्री योगी पर अचानक हमला कर दिया।

हंसिए से ताबड़तोड़ वार, मौके पर मची अफरा-तफरी
आरोपी ने गंगोत्री योगी पर सिर, चेहरे, हाथ, पीठ और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव के कारण वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। चीख-पुकार और शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाई वहां से फरार हो चुका था।परिजनों ने बिना देर किए गंगोत्री योगी को गंभीर हालत में कवर्धा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती कर लिया।
दो दिन तक बयान नहीं दे सकीं पीड़िता
बताया जा रहा है कि हमले के बाद गंगोत्री योगी लगातार करीब दो दिनों तक बेहोश रहीं, जिसके कारण पुलिस उनका बयान दर्ज नहीं कर सकी। घटना के तीसरे दिन जब पुलिस अस्पताल पहुंची और उनका बयान दर्ज किया गया, तब इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी सामने आई। इसी दौरान उनकी घायल अवस्था की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं, जिससे मामला और चर्चा में आ गया।
आरोपी भाई के खिलाफ FIR दर्ज
घटना के अगले दिन सुबह परिजनों की शिकायत पर पिपरिया थाना में आरोपी नेम नाथ योगी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच की जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।






















