मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर :- जनकपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत खिरकी में उस समय अफरा तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब एक तेंदुआ अचानक रिहायशी मकान में घुस गया.
घर के अंदर घुसा तेंदुआ
यह घटना गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व क्षेत्र से सटे गांव की है. टाइगर रिजर्व से लगे गांव खिरकी में हरीशचंद्र यादव के घर में अचानक तेंदुआ घुस आया. तेंदुआ कहां से और कैसे घर के अंदर आया, इसकी भनक किसी को नहीं लगी, लेकिन घरवालों ने अचानक घर के अंदर बने सेल्फ पर तेंदुए को बैठे देखा. तेंदुए को देखते ही घरवालों के होश उड़ गए. परिवार के लोग जान बचाने इधर उधर भागने लगे. वहीं आसपास के घरों में रहने वाले लोग भी दहशत में अपने घरों को छोड़ कर भाग गए.
वन विभाग के कठिन रेस्क्यू के बाद शिकंजे में तेंदुआ
घर में तेंदुआ घुसने की जानकारी तुरंत वन विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने के लिए मोर्चा संभाल लिया. टीम ने सबसे पहले पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की, ताकि कोई भी ग्रामीण तेंदुए के संपर्क में न आए और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके. कर्मचारियों की मदद से सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.
करीब कई घंटों तक चले कठिन रेस्क्यू अभियान के बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित तरीके से काबू में कर लिया और उसे घर के अंदर से बाहर निकाल लिया. घटना के बाद पूरे गांव में अभी भी दहशत का माहौल बना हुआ है.




















