कोयंबटूर : तमिलनाडु के कोयंबटूर ज़िले में वालपराई पहाड़ियों पर एक हेयरपिन मोड़ से एक टूरिस्ट वैन खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। वालपराई पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई जब एक वाहन 13वें हेयरपिन मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा और नीचे 9वें हेयरपिन मोड़ तक जा गिरा।
वालपराई की घाटी से उतरते वक़्त हादसा
जानकारी के मुताबिक़ केरल के पेरिनथलमान्ना से आए 13 पर्यटकों के एक ग्रुप को ले जा रही यह टूरिस्ट वैन, वालपराई में घूमने के बाद नीचे उतरते समय दुर्घटना का शिकार हो गई। पुलिस की एक प्रेस नोट के अनुसार, मोहम्मद फासिथ (21) द्वारा चलाए जा रहे इस वाहन का बैलेंस 13वें हेयरपिन मोड़ पर मुड़ते समय खो गया था। इसके नतीजतन, वाहन सड़क से फिसल गया और नीचे 9वें हेयरपिन मोड़ की ओर खाई में जा गिरा।
16 एम्बुलेंस पहुंची मौके पर
सूचना मिलते ही, वालपराई उप-मंडल के पुलिस उपाधीक्षक और वालपराई के पुलिस निरीक्षक घटनास्थल पर तुरंत पहुंचे और बचाव और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने बताया कि, हताहतों को संभालने के लिए 16 एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं, और 13 एम्बुलेंस घायल यात्रियों को लेकर पोल्लाची सरकारी अस्पताल लौट गईं। सभी घायल व्यक्तियों को सुरक्षित बचा लिया गया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की आगे की जांच चल रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यक्त किया दुख
PMO ने एक X पोस्ट में कहा, “तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुई दुर्घटना के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। मैं उन लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करता हूं।”





















