गुजरात

पत्नी की हत्या कर लाश को सीमेंट से चुनवाया, पांच दिन बाद ऐसे हुआ खुलासा

सूरतः- शहर के सलाबतपुरा इलाके से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद, शव को लकड़ी की पेटी में रखकर उस पर सीमेंट और कंक्रीट से ढाल दिया. आरोपी पांच दिनों तक उसी घर में बच्चों और पत्नी की लाश के साथ रहा और बाहर पत्नी की गुमशुदगी का नाटक करता रहा. लेकिन, नाटकीय तरीके से इस मामले का खुलासा हुआ.

क्या है घटना

मुख्य आरोपी विशाल सालवी ने 20 अप्रैल को अपनी पत्नी शिल्पा की हत्या कर दी थी. इसके बाद उसने सहारा दरवाजा स्थित एक पुराने मकान में लकड़ी की पेटी में शव को डालकर ऊपर से कंक्रीट का प्लास्टर कर दिया. हद तो यह है कि जब शिल्पा के पिता अपनी बेटी को ढूंढते हुए सूरत आए, तो आरोपी खुद उनके साथ पुलिस स्टेशन गया और तलाश में मदद करने का ढोंग करता रहा.

इस खौफनाक घटना के बीच विशाल के दो मासूम बच्चे, 13 वर्षीय आरव और 8 वर्षीय नितारा, पांच दिनों तक अपने पिता के साथ ही रहे. उन्हें जरा भी अंदाज़ा नहीं था कि उनकी मां की लाश को कंक्रीट में चुन दिया गया है.

कैसे खुला राज

मामले का खुलासा 25 अप्रैल की रात तब हुआ, जब विशाल अपने 13 साल के बेटे को एक चिट्ठी थमाकर फरार हो गया. बेटे ने उस चिट्ठी को पढ़ा फिर उसकी फोटो एक रिश्तेदार को भेजी. चिट्ठी में विशाल ने अपना जुर्म कुबूल करते हुए लिखा था- “मैंने गुनाह किया है और इसके लिए मैं खुद जिम्मेदार हूं.” चिट्ठी में हत्या की तारीख और उस जगह का भी जिक्र था जहां लाश छिपाई गई थी.

सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीमेंट की परत तोड़ी और शिल्पा का सड़ा-गला शव बरामद किया. गोडादरा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. मौके पर फॉरेंसिक (FSL) विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है और फरार आरोपी विशाल की तलाश में छापेमारी जारी है.

हत्या की वजह

पुलिस जांच और परिजनों के बयानों के अनुसार, शादी के तीन साल बाद ही दंपति के बीच विवाद शुरू हो गया था. शिल्पा के पिता ने बताया कि विशाल बेरोजगार था और कोई काम-धंधा नहीं करता था. घर में छाई आर्थिक तंगी के कारण अक्सर झगड़े होते थे. इसी कलह के चलते विशाल ने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया.

What's your reaction?

Related Posts

1 of 2